भोपाल। राजस्थान कांग्रेस में चल रही सियासी खींचतान के बीच प्रदेश में भाजपा ने एक बार फिर कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया है। कांग्रेस के बड़ा मलहरा से विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी भाजपा में जा रहे हैं। वे बीजेपी ज्वाइन करने के पहले पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के बंगले पर पहुंचे जहां प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में उनकी चर्चा हुई। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष शर्मा उन्हें सीएम शिवराज सिंह चौहान से मिलवाने के लिए सीएम हाउस पहुंचे।
शनिवार को नागपुर से लौटीं उमा भारती के बंगले पर आज सुबह कांग्रेस विधायक लोधी पहुंचे थे। यहां उनकी उमा भारती से चर्चा के बाद प्रदेश अध्यक्ष शर्मा को बुलाया गया। शर्मा और उमा भारती की मौजूदगी में लोधी ने भाजपा ज्वाइन करने का फैसला लिया। इसके बाद शर्मा लोधी को लेकर सीएम हाउस पहुंचे। सीएम चौहान से आधे घंटे की मुलाकात के बाद लोधी को लेकर प्रदेश अध्यक्ष शर्मा बीजेपी दफ्तर पहुंचे हैं। वहां पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
पद्युम्न सिंह लोधी पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के बंगले से प्रदेश भाजपा अध्यक्षी वीडी शर्मा के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास पर पहुंचे। जहां उन्हें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मिठाई खिलाकर भाजपा में स्वागत किया। भाजपा दफ्तर में लोधी पार्टी ज्वाइन करेंगे।
भाजपा प्रद्युम्न सिंह लोधी के बाद अब दमोह से विधायक राहुल लोधी और बंडा विधायक तरवर लोधी पर भी डोरे डाल रही है। ये दोनों ही विधायक भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में हैं। प्रद्युम्न और राहुल लोधी आपस में रिश्तेदार हैं।
बड़ा मलहरा उमा भारती की सीट रही है। इस सीट से उमा भारती ने 2003 में चुनाव जीता और सीएम बनी थीं। इसके बाद उनके भाई स्वामी लोधी इसी सीट से विधायक बने थे। जब उमा भारती ने अलग पार्टी भारतीय जनशक्ति बनाई तो रेखा यादव यहां से चुनकर विधायक बनीं।