ग्वालियर। केन्द्रीय पंचायती राज, पेयजल, स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि गत कुछ वर्षों में ग्वालियर जिले का नक्शा बदला है। उनके संसदीय क्षेत्र में एक हजार करोड़ के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं और आने वाले कुछ ही दिनों में लगभग 250 करोड़ रूपए की लागत के दो प्रमुख मार्गों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। उन्होंने यह बात आज विक्की फैक्ट्री तिराहे पर 122 करोड़ रूपए से बनाई गई तीन सीमेंट कंक्रीट रोड़ों के लोकार्पण अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह ने की। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया सहित विधायक द्वय नारायण सिंह कुशवाह, भारत सिंह कुशवाह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर शहर की पहचान प्रदेश के प्रमुख शहरों के रूप में है। सुनियोजित विकास के प्रयास प्रदेश और केन्द्र में नई सरकार के गठन के साथ ही प्रारंभ हो गए थे। इसी का परिणाम है कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से विकास गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। उनके संसदीय क्षेत्र में एक हजार करोड़ से अधिक के कार्य प्रगति पर हैं। जिले में सडक़ों का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने भितरवार अंचल में नयागांव, चीनौर, करहिया से भितरवार तक का सडक़ मार्ग की आवश्यकता बतलाते हुए लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह से स्वीकृति का अनुरोध भी किया। इस पर लगभग 100 करोड़ रूपए का व्यय आना संभावित है। तोमर ने ग्वालियर जिले के चहुमुखी विकास पर हर्ष व्यक्त करते हुए स्वच्छता अभियान में देश के 91 चुनिंदा जिलों में सम्मिलित होने पर महापौर नगर निगम और जिला प्रशासन सहित शहरवासियों को बधाई भी दी।
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि सन् 2003 में प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद सबसे ज्यादा काम प्रदेश के अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने में किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा 19 हजार करोड़ रूपए खर्च करके 21 हजार किलोमीटर सडक़ों का निर्माण इस अवधि में किया गया है। वर्तमान में एक लाख 13 हजार 500 करोड़ रूपए के निर्माण कार्य संचालित हैं। उन्होंने कहाप कि राज्य सरकार द्वारा ईमानदारी और गुणवत्ता पर नियंत्रण के साथ काम करने वाली निर्माण एजेन्सियों और संबंधित इंजीनियरों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है, लेकिन जिनके द्वारा गुणवत्ता से समझौता किया जायेगा, ऐसे लोगों से सरकार सख्ती से निपटेगी।
प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर शहर में सडक़, पानी, सीवर और स्वच्छता सभी क्षेत्रों में बेहतर काम हुआ है। इसी कड़ी में ग्वालियरवासियों को 122 करोड रूपए की लागत से बनाई गईं तीन सीमेंट कंक्रीट रोडों का तोहफा आज मिल सका है।
उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि शहर के प्रवेश द्वार का श्रृंगार उत्तम गुणवत्ता की सडक़ों से हो जाने के कारण शहर की सुंदरता में चार चाँद लग गए हैं। उन्होंने गत कुछ वर्षों में ग्वालियर में हुईं विकास गतिविधियों को क्रांतिकारी विकास का उदाहरण देते हुए केन्द्र व राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को ग्रामीण विधायक भारत सिंह कुशवाह , लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता अखिलेश अग्रवाल आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर महापौर विवेक नारायण शेजवलकर, जीडीए अध्यक्ष अभय चौधरी, साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, देवेश शर्मा, वीरेन्द्र जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिक और बडी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
