नई दिल्‍ली | दिल्ली गैंगरेप पीड़िता को बचाने की हर मुमकिन कोशिश नाकाम हो गई। शरीर के कई अंगों के काम बंद कर देने से शनिवार तड़के सिंगापुर के अस्पताल में उसका निधन हो गया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कई लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही दिल्‍ली में कई जगहों पर सुरक्षा व्यवस्‍था कड़ी कर दी गई।
गैंगरेप पीड़िता ने शनिवार तड़के सवा दो बजे सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसके फेफड़ों और पेट में इंफेक्शन था, दिमाग में भी गंभीर चोटें लगी थीं। 27 दिसंबर को जब उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया तो उसके बाद से लगातार बचाए जाने की कोशिशें जारी थीं। लेकिन शरीर के कई अंगों के काम बंद कर देने से डॉक्टरों का प्रयास विफल हो गया। गौरतलब है कि 16 दिसंबर की रात चलती बस में छात्रा से गैंगरेप हुआ था। उस दौरान आरोपियों ने उस पर क्रूरता से हमला किया और उसके एक साथी से मारपीट की थी। बाद में आरोपियों ने चलती बस से दोनों को बाहर फेंक दिया था। देशभर में इस घटना पर लोगों के आक्रोश और प्रदर्शनों से पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

विशेष विमान से लाया जाएगा शव
——————–
सिंगापुर में भारतीय उच्चायुक्त राघवन ने बताया कि पीड़िता को बेहद गहरे जख्म थे, उसे बचाने की हर संभव कोशिश की गई लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने बताया कि छात्रा के शव को भारत भेजने की तैयारी हो रही है। शनिवार शाम तक विशेष विमान से शव को भारत भेज दिया जाएगा।

बहादुर लड़की को खो दिया : राष्ट्रपति
———————–
गैंगरेप पीड़िता की मौत पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि देश की बहादुर लड़की को हमने खो दिया। वह समाज की सच्ची नायक है। स्वाभिमान और जीवन की जंग दोनों ही परिस्थितियों में वह अंतिम समय तक लड़ी। इस वीभत्स अपराध के लिए अपराधियों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। राष्ट्रपति ने कहा कि पूरा देश विलाप कर रहा है, लेकिन हमें शांति कायम रखनी चाहिए और सरकार को न्याय दिलाने के लिए सख्त कदम उठाना चाहिए।

‘कुर्बानी को बेकार नहीं जाने दिया जाएगा’
————————–
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा है कि पीड़िता की कुर्बानी को बेकार नहीं जाने दिया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए अहम कदम उठाए जाएंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ ने उसके दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है।

सख्त सजा दिलाना ही छात्रा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी : शिंदे
———————————–
गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने गैंगरेप पीड़ित छात्रा की मौत पर शोक जताते हुए कहा कि कानून को कड़ा किए जाने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाएं फिर से नहीं हो सकें। शिंदे ने पत्रकारों से कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाना ही इस 23 वर्षीय छात्रा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा, ‘हमने पीड़िता को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया। सरकार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।’

पूरी घटना ने सिस्टम को हिलाया
——————–
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने ईश्वर से छात्रा की आत्मा को शांति और उसके परिजनों को इस पीड़ा को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि इस पूरी घटना ने सिस्टम को हिलाकर रख दिया है। ये हम सब के लिए ऐसा लम्‍हा है जब हमे शर्म भी आती है और दुख भी होता है। भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो इसके बारे में सोचने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘मैं हर नागरिक से प्रार्थना करती हूं कि वे संयम रखें।’

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *