भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ यहां स्थित स्मार्ट उद्यान में पौधे लगाए।

 शिवराज सिंह चौहान  और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पत्रिका समाचार पत्र समूह के संस्थापक, समाजसेवी प्रख्यात लेखक  कर्पूर चंद्र कुलिश की स्मृति में परिजात का पौधा रोपा। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
 शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज यहां परिजात का पौधा स्व. कुलिश जी की स्मृति में रोपा है। स्व. कुलिश प्रसिद्ध साहित्यकार और समाज सेवा क्षेत्र में अनूठे कार्य के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 7 मार्च 1956 को पत्रिका समाचार पत्र का प्रकाशन प्रारंभ किया था। इस अवसर पर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी पौधारोपण किया। चांदनी और चमेली के पौधे भी लगाए गए।

चिकित्सा शास्त्रियों के अनुसार पारिजात का पौधा एक उत्तम औषधि है। इसका उपयोग कई रोगों को ठीक करने में होता है। मुख्य रूप से पारिजात, पाचन तंत्र, पेट के कीड़े की बीमारी, बुखार, लीवर विकार सहित अन्य कई रोगों के उपचार में उपयोगी होता है। ऐसा जन विश्वास है कि इसके अलावा पत्ते को उबाल कर बनाया गया काढ़ा पीने से बरसों पुराना घुटनों का दर्द ठीक हो जाता है।

श्री चौहान ने कहा कि आज लगाए गए चांदनी और चमेली के पौधे विकास और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का प्रतीक हैं। मध्यप्रदेश प्रगति पथ पर तीव्रगति से आगे बढ़ेगा। सांसद श्री सिंधिया ने कहा कि वृक्षारोपण सिर्फ पौधे लगाना नहीं बल्कि चहुंमुखी विकास का संकल्प भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *