बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल हाइवे पर देर रात बाइक सवारों को एक ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवतियों समेत तीन की मौत हो गई। जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हैं। बाइक सवार बैतूल से बालाजीपुरम मंदिर घूमकर लौट रहे थे। बस नहीं मिलने से एक ही बाइक पर 4 युवतियों समेत पांच लोग सवार होकर चल दिए।

थाना कोतवाली क्षेत्र के कुप्पा गांव निवासी मोनिका उइके, सुष्मिता, मिश्री काकोड़े, बाली उइके और संजना पंद्राम मंगलवार को बैतूल के बालाजीपुरम मंदिर दर्शन करने आए थे। रात में जब वापस गांव जा रहे थे, तो बस नहीं मिली। इस पर पांचों एक ही बाइक पर सवार होकर चल दिए। उनकी बाइक हाइवे तक पहुंची ही थी, तभी कुप्पा जोड़ पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे मोनिका, सुष्मिता और युवक मिश्री काकोड़े की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाली उइके और संजना पंद्राम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर ट्रक की तलाश शुरू कर दी।

पाढर चौकी प्रभारी गजेन्द्र सिंह का कहना है कि घटना की सूचना डायल 100 को मिली थी। एक बाइक पर पांच लोग सवार होकर जा रहे थे। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *