ग्वालियर। डकैती डालने की योजना बना रहे 6 हथियारबंद बदमाशों को मुरार पुलिस ने बड़ागांव स्थित मोर्निंग स्टार स्कूल के पास से पकड़ा है। पकड़े गये बदमाशों में दो 5-5 हजार रुपए के इनामी बदमाश भी हैं। पुलिस ने बदमाशों के पास से 2 बन्दूके, कट्टा, जिंदा कारतूस सहित अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस पकड़े गये बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष कुमार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि मुरार थाना क्षेत्र के बड़ागांव स्थित मोर्निंग स्टार स्कूल के पास कुछ युवक डकैती डालने की योजना बना रहे हैं। मुखबिर द्वारा सूचना मिलते ही एसपी ने बदमाशों को पकडऩे के निर्देश एएसपी शहर पूर्व अभिषेक तिवारी को दिये। निर्देश मिलते ही एएसपी तिवारी ने एसडीओपी बेहट नागेन्द्र सिंह, सीएसपी मुरार रत्नेश सिंह तोमर, एसओ बिजौली रघुवीर सिंह मीणा एवं थाना प्रभारी मुरार सुधीर सिंह कुशवाह ने एक पुलिस टीम गठित की और मुखबिर द्वारा बताये गये स्थान पर पुलिस टीम जा पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर मोर्निंग स्टार स्कूल के पीछे बैठकर डकैती की योजना बना रहे 6 बदमाशों को धर दबोचा। पूछताछ में पकड़े गये बदमाशों ने अपने नाम अरविंद पुत्र हाकिम सिंह गुर्जर, पप्पू उर्फ नरेन्द्र पुत्र महेन्द्र सिंह गुर्जर निवासीगण निवासी कठमा गुर्जर थाना गोहद जिला भिंड, रघुवीर पुत्र कैलाश गुर्जर, चैनु पुत्र रघुवीर सिंह गुर्जर निवासीगण ककरारी थाना बिजौली, तिलका उर्फ शिवसिंह पुत्र जगन्नाथ जाटव निवासी माधौपुर टेकनपुर एवं राय सिंह पुत्र सरमन जाटव निवासी चक महरोली थाना हस्तिनापुर बताये। पुलिस को पड़ताल में पता चला कि पकड़े गये बदमाशों में अरविंद गुर्जर एवं पप्पू गुर्जर इनामी बदमाश हैं, जिन पर 5-5 हजार रुपए का इनाम था। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 2 बन्दूकें, एक कट्टा, 12 जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल एवं एक ट्रेक्टर बरामद किया है। पूछताछ में बदमाशों ने ट्रेक्टर चोरी का होना बताया है। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
