नई दिल्ली। कोरोना की दूसरी लहर देश में डेली संक्रमितों के नए रिकॉर्ड बना रही है। गुरुवार को देश में रिकॉर्ड 2 लाख 16 हजार 642 लोग संक्रमित पाए गए हैं। पिछले साल संक्रमण की शुरुआत से लेकर अब तक एक दिन में मिले संक्रमितों का ये आंकड़ा सबसे बड़ा है। इस दौरान 1 लाख 17 हजार 825 लोग ठीक भी हुए, जबकि 1182 मरीजों की मौत हो गई।
इसी के साथ देश में अब तक कुल 1.42 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं अब तक 1.25 करोड़ लोग ठीक हुए हैं, 1.74 लाख लोगों की इस महामारी से मौत हुई है। वर्तमान में 15.63 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।
भारत में एक्टिव केस की संख्या भी 15 लाख के पार हो गई है। अब यहां 15 लाख 63 हजार 588 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। देश में कोरोना के कहर का अंदाजा आप इस बात से भी लगा सकते हैं कि दुनिया के टॉप-20 संक्रमित शहरों की सूची में भारत के 15 शहर शामिल हैं। पुणे इस सूची में टॉप पर है तो मुंबई दूसरे नंबर पर है।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने नीट पीजी एग्जाम को टाल दिया है। यह परीक्षा 18 अप्रैल को होनी थी। इसकी अगली तारीख बाद में तय की जाएगी।
सीबीएसई के बाद अब उत्तर प्रदेश, झारखंड, गुजरात और हरियाणा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं। उत्तर प्रदेश में अब 20 मई के बाद ही परीक्षाएं होने की संभावना है। यहां विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं और कक्षाओं को भी 15 मई तक टाल दिया गया है। क्लास 1 से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूल भी 15 मई तक बंद रहेंगे।
मध्यप्रदेश
राज्य में गुरुवार को 10,166 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 3,970 लोग रिकवर हुए और 53 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.73 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.13 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4,365 मरीजों की जान चली गई। 55,694 मरीजों का इलाज चल रहा है।
