77777ग्वालियर। नगर उदय अभियान में चिन्हित हितग्राहियों को सहायता वितरित करने के लिये सुव्यवस्थित ढंग से कार्यक्रम आयोजित करें। इस कार्यक्रम में विभागीय प्रदर्शनियाँ भी लगाई जाएँ, जिससे सरकार द्वारा शहरी क्षेत्र के लिये संचालित योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को मिल सके। यह बात कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने 8 फरवरी को प्रस्तावित सहायता वितरण कार्यक्रम की तैयारी के सिलसिले में बुलाई गई बैठक में कही। फूलबाग मैदान ग्वालियर में आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम में 24 हजार से अधिक हितग्राहियों को सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत 22 करोड़ से अधिक सहायता वितरित की जायेगी। साथ ही करोड़ों की लागत के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी प्रस्तावित है।
अपर आयुक्त नगरीय प्रशासन डॉ. मंजू शर्मा ने संभागभर के नगरीय निकायों में 8 फरवरी को आयोजित होने जा रहे कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा इस बैठक में की। बैठक में नगर निगम आयुक्त अनय द्विवेदी, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन आर के कार्तिकेय तथा संभाग के विभिन्न नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी बैठक में मौजूद थे।
कलेक्टर डॉ. गोयल ने बैठक में कहा कि ग्वालियर शहर में चल रहे स्वच्छता कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों को इस कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित कराएँ। साथ ही वार्ड स्तर की स्वच्छता प्रतियोगिता में अव्वल रहीं मोहल्ला समितियों को भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में सम्मानित कराया जाए।
अपर आयुक्त नगरीय प्रशासन मंजू शर्मा ने संभाग भर के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सभी नगरीय निकाय 8 फरवरी को आयोजित होने जा रहे कार्यक्रमों में सहायता वितरण सुनिश्चित करें। साथ ही खासतौर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे सूची के अनुसार हितग्राहियों को अधिकार पत्र सौंपे जाएँ।
पवैया के मुख्य आतिथ्य में होगा सहायता वितरण कार्यक्रम
नगरोदय अभियान के द्वितीय चरण में 8 फरवरी को जिला मुख्यालय पर यहाँ फूलबाग मैदान में उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित होगा। नगरोदय अभियान के दौरान चिन्हित किये गये हितग्राहियों को हित-लाभ वितरण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास इस कार्यक्रम में किया जायेगा। जनसंपर्क एवं जल संसाधन मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र दतिया में आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *