इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में अपनी पत्नी और उसके प्रेमी से परेशान होकर माचला निवासी जीवन ने फांसी लगा ली। पत्नी प्रेमी के साथ जाना चाहती थी। उसने मना किया तो वह जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी। आत्महत्या कर पूरे परिवार को फंसाने की धौंस दी। पत्नी को वह थाने ले गया। वहां प्रेमी को बुलाया और दोनों बच्चों सहित पत्नी को उसके हवाले कर दिया। थाने पर दंपती ने अपनी-अपनी बात लिखकर अधिकारी को सौंप दी। विवाद की वजह से जीवन ने सुबह से खाना नहीं खाया था। सुबह भतीजा उठाने गया तो जीवन फंदे पर लटका मिला। वह करीब 25 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
इंदौर के तेजाजी नगर थाना पुलिस के मुताबिक, मृतक जीवन बरोलिया 40 वर्ष निवासी माचला है। टीआई नीरज मेढा ने बताया कि घटना का पता मृतक के भतीजा बलराम चाय पीने के लिए जीवन को उठाने गया था। लेकिन जैसे ही वह कमरे में पहुंचा चाचा उसे फंदे पर लटका मिला। इसके बाद उसने पुलिस और अन्य परिजन को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा बनाया और एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया। एएसआई दिनेश सरगईया ने बताया कि जीवन पुताई का काम करता था। शनिवार सुबह उसका पत्नी आशा से विवाद हो गया था।
आशा अपने प्रेमी विशाल के साथ रहना चाहती थी। दोपहर में वह विशाल के साथ चली गई थी। इस पर जीवन शिकायत करने थाने गया था। पुलिस ने आशा और प्रेमी विशाल को बुलाकर काउंसलिंग की। लेकिन दोनों नहीं माने और साथ में रहने की जिद करने लगे। इस पर दंपती ने राजीनामा किया और आशा अपने प्रेमी के साथ चली गई। जीवन ने अपने दोनों बच्चों मोनिका और समीर को भी पत्नी के प्रेमी के हवाले कर दिया। इसके बाद वह घर चला गया। पत्नी के चले जाने के तनाव में उसने आत्महत्या कर ली।
