भोपाल ! मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पुलिसकर्मियों के लिए हर साल पाँच हजार मकान बना जाएंगे।
श्री चौहान आज यहां भारत भवन में तीन दिवसीय पुलिस कला महोत्सव का उद्घाटन कर रहे थे। इसका आयोजन भारतीय पुलिस सेवा संघ ने किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने अभूतपूर्व काम किया है। मध्यप्रदेश को शांति का टापू बनाने का श्रेय पुलिस को जाता है। श्री चौहान ने सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने की जरूरत बताते हुए कहा कि समाज और पुलिस एक दूसरे के पूरक हैं। समाज को पुलिस की कठिनाइयां समझकर सकारात्मक सहयोग करना चाहिए।
पूर्व पुलिस महानिदेशक एम. नटराजन ने उदघाटन सत्र की अध्यक्षता की। म.प्र. पुलिस आवास निगम के अध्यक्ष ऋषि कुमार शुक्ला ने कहा कि पुलिस कला महोत्सव पुलिस परिवार को जोड़ने की सृजनात्मक पहल है। पुलिस महानिदेशक, योजना पवन जैन ने कहा कि पुलिसकर्मियों में कलाबोध होता है लेकिन समयाभाव के कारण अभिव्यक्त नहीं हो पाता।
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों के कठिन जीवन और कर्त्तव्य परायणता पर आधारित लघु वृत्त चित्र का प्रदर्शन किया गया। श्री चौहान ने दो पुलिसकर्मियों हरिकांत दुबे और अरुण श्रीवास्तव को रंगकर्म में उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया। श्री चौहान ने पुलिस के कर्त्तव्यों पर आधारित पुलिसकर्मियों उनके परिजनों और आम लोगों द्वारा बनाई गई चित्रकला की प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *