ग्वालियर। भिण्ड जिले के गोहद में कांग्रेस विधायक माखन लाल जाटव की हत्या के आरोपी एडवोकेट तेजनारायण शुक्ला की आज उनकी कृषि फार्म हाउस में तालाब में डूबकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
भिण्ड जिले के गोहद न्यायालय में वकालात करने वाले एडवोकेट तेजनारायण शुक्ला न्यायालय की छुट्टी होने के कारण आज सुवह 11 बजे अपने फार्म हाउस पर गए थे। दोपहर दो बजे उनके परिवार के सदस्य भी गए तो उन्हें तेजनारायण शुक्ला 50 वर्ष का शव उनके निजी तालाब में तैरता मिला। उनके परिवार के सदस्य उनका शव गोहद अस्पताल लाए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक तेजनारायण के गर्दन में दो जगह, नाक में तथा शरीर के कुछ अन्य हिस्सों में चोट व खून के निशान मिले है। मृतक के पुत्र अश्वनी शुक्ला ने अपने पिता तेजनारायण शुक्ला की हत्या की आशंका जताई है।
गोहद के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस प्रवीण अष्ठाना ने बताया कि एडवोकेट तेजनारायण शुक्ला की उनके ही फार्म हाउस में बने तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में पाए गए है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।
तेजनारायण शुक्ला कांग्रेस विधायक माखनलाल जाटव हत्याकाण्ड में आरोपी थे और वह न्यायालय पर जमानत पर थे। माखनलाल जाटव की 13 अप्रैल 2009 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान गोहद के ग्राम छरेंटा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
