भोपाल ! रातीबड़ इलाके में रविवार देर रात एक स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (एनएलआईयू) छात्र की मौत हो गई, जबकि चार छात्र घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक छात्र की मां कमलेश्वरी खरे उत्तरप्रदेश में भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी हैं। बेटे की मौत की खबर लगते ही वे भोपाल आईं और बेटे के शव को देखकर फूट-फूटकर रो पड़ीं।
रातीबड़ पुलिस के मुताबिक एनएलआईयू का तृतीय वर्ष का छात्र सिद्धार्थ खरे पिता हेमचंद खरे 21 साल साथी छात्र मोहित देसाई और तीन अन्य दोस्तों के साथ रविवार रात रातीबड़ इलाके में पार्टी मनाने केरवा गए थे। रात करीब साढ़े 11 बजे वे हॉन्डा सिटी कार में घूम रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस विधायक अजय सिंह की कोठी के पास एक स्कूटी को बचाने के चक्कर में छात्रों की कार पेड़ से टकरा गई। इसके बाद कार का एक हिस्सा दूसरे पेड़ से फिर टकराया और कार अजय सिंह की चारदीवारी से जा टकराई। इस दौरान सड़क से गुजर रहे लोगों ने 108 एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस दोनों छात्रों को लेकर बंसल अस्पताल पहुंची। हालांकि तब तक सिद्धार्थ की मौत हो चुकी थी। वहीं उसके साथी मोहित को वेन्टीलेटर पर रखा गया है। कार में सवार अन्य युवकों का पता नहीं चल पाया है। अभी तक छात्रों और मृतक के नशे में होने का खुलासा नहीं हुआ है, मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट हो जाएगा।
रातीबड़ थाने के एसआई एनआर चौधरी ने बताया कि 21 वर्षीय सिद्धार्थ मूलत: झांसी का रहने वाला था। वह भोपाल में वो एनएलआईयू के ही छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसकी मां कमलेश्वरी खरे उप्र में भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी हैं और वर्तमान में वहां क्राइम ब्रांच में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हैं।
कैसे मिली जाने की अनुमति : एसआई ने बताया कि मृतक और घायल सहित अन्य छात्र कैम्पस के अंदर हॉस्टल में रहते हैं। नियमों के मुताबिक रात ग्यारह बजे से पहले छात्रों को कैम्पस में आमद दर्ज करानी होती है। ग्यारह बजे के बाद प्रवेश पूर्णत: बंद होता है। तब ये छात्र देर रात कैसे कार लेकर पार्टी मनाने गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *