ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में नौ मरीज कोरोना पॉजिटिव निकलने पर जिले में हड़कंप मच गया है। भिण्ड कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस सुरक्षा के प्रबंधकों के साथ आज बैठक लेने आज मालनपुर पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर ने सुरक्षा संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
भिण्ड कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा, फैक्टरी के गेट पर ही थर्मल स्क्रीनिंग होना चाहिए। किसी कर्मचारी को सर्दी, जुकाम, खांसी की शिकायत होने पर उसकी कोरोना जांच कराई जाए। गेट पर ही सैनिटाइजर की व्यवस्था की जाए। कर्मचारियों को मास्क लगवाए जाएं। बैठक में सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन को लेकर चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से भिण्ड पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) शुभम् शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) नरेन्द्र सिंह सोलंकी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कल भिण्ड जिले के मालनपुर स्थित वीआरएस फूड की फैक्टरी में नौ कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फैक्टरी के सभी कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट कराया। इसके अलावा अन्य फैक्टरियों के कर्मचारियों की जांच की जाएगी।
