भोपाल ! पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा है कि भोपाल शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के हरसंभव प्रयास हो रहे हैं। भोपाल देश का पहला स्मार्ट शहर होगा। श्री भार्गव आज होटल नूर-उस-सबा में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट लांचिंग कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
श्री भार्गव ने कहा कि एक साल पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के शहरों में विकास के नये आयाम रचने के लिये स्मार्ट सिटी की कल्पना की थी। आज भोपाल शहर इस दिशा में आगे बढ़ चला है, विकास की अवधारणा सफल होते दिख रही है। उन्होंने कहा कि भोपाल बेहतर और खूबसूरत शहर है। यह हिन्दुस्तान का पहला स्मार्ट शहर होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के मार्गदर्शन में भोपाल की धरोहर एवं सांस्कृतिक विरासत को सँवारने का कार्य किया गया है, जो अतुलनीय है। आगे चलकर पूरा भोपाल शहर स्मार्ट होगा। इससे पर्यटन की भी अपूर्व संभावनाएँ बढ़ेंगी।
नगरीय विकास राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि भोपाल शहर स्मार्ट बने, इसके लिये सभी की सोच एवं सहयोग सकारात्मक होना चाहिये। उन्होंने कहा कि अभी तो स्मार्ट शहर की शुरूआत है, आगे चलकर प्रदेश के शहरों को स्मार्ट बनाया जायेगा। महापौर आलोक शर्मा ने कहा कि वे भोपाल शहर को हर गुणवत्ता की सुविधा देने के लिये प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि असली काम अब शुरू हुआ है। स्मार्ट सिटी के सपने को आज मूर्तरूप दिया जा रहा है। श्री शर्मा ने बताया कि भोपाल शहर में साइकिल ट्रेक बनाने का भी प्रयास किया जायेगा।
कार्यशाला में सांसद आलोक संजर ने भी विचार व्यक्त किए। प्रारंभ में भोपाल स्मार्ट सिटी डेव्लपमेंट कार्पोरेशन (बीएससीडीसीएल) के अध्यक्ष व कलेक्टर निशांत बरवड़े व कार्यपालक निदेशक निशांत वरवडे एवं निगम आयुक्त श्रीमती छवि भारद्वाज ने भोपाल में स्मार्ट सिटी के तहत किए जाने वाले कार्यों पर प्रकाश डाला। वहीं स्मार्ट सिटी के मिशन डायरेक्टर एवं नगरीय विकास आयुक्त विवेक अग्रवाल ने भोपाल एवं प्रदेश के अन्य स्मार्ट मिशन के तहत चयनित शहरों में किए गए प्रयासों एवं आगे की योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी जबकि, प्रमुख सचिव मलय श्रीवास्तव ने भी स्मार्ट सिटी के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यशाला में उपस्थित शहर के नागरिकों को स्मार्ट भोपाल कार्य-योजना का प्रस्तुतिकरण दिया गया। कार्यशाला के अंत में निगम परिषद अध्यक्ष सुरजीत सिंह चौहान ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक, राज्य निर्वाचन आयुक्त व पूर्व मुख्य सचिव आर परशुराम, महापौर परिषद के सदस्य, पार्षद, पूर्व महापौर, पूर्व परिषद अध्यक्ष के अलावा बड़ी संख्या में ं नागरिक उपस्थित थे।
5 परियोजनाओं का लोकार्पण: कार्यशाला के अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने भोपाल शहर में स्मार्ट सिटी के तहत नागरिकों को स्मार्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु सिटीजन सिटी डैशबोर्ड एण्ड सिटीजन डिलेवरी प्लेटफार्म, इनटेलीजेंट स्ट्रीट पोल्स, इनटेलीजेंट ट्रॉफिक मैनेजमेंट सिस्टम, स्मार्ट पब्लिक बाईक शेयरिंग, सिटी लेवल जी.आई.एस. परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *