भोपाल। मिनी बस में सफर कर रही एक महिला के साथ रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने कंडक्टर सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर बस जब्त कर ली है। घटना बुधवार रात करीब 11 बजे सुभाष नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। एमपी नगर पुलिस के मुताबिक 43 वर्षीय महिला गोविंदपुरा में रहती है। बुधवार को वह नारियलखेड़ा स्थित अपने मायके गई थी। वहां से वह ऑटो से नादरा बस स्टेंड तक आई। वहां से वह बोगदापुल तक आने के लिए 7 नंबर रूट की बस क्रमांक सीजी-17-एफ-0197 में बैठ गई।
रात करीब 10:30 बजे बरखेड़ी फाटक से बोगदापुल की तरफ चली, तो उसमें चालक-परिचालक के अलावा सिर्फ एक युवक ही था। बोगदापुल के पास महिला ने बस से उतरना चाहा, लेकिन ड्रायवर सल्लू उर्फ सलमान ने बस नहीं रोकी। वह बस को सुभाष नगर रेलवे फाटक के पास ले आया और यू टर्न लेकर बस अंधेर में सड़क किनारे खड़ी कर दी। इस दौरान बस कंडक्टर दीपक शर्मा उर्फ पंडित ने धमकाते हुए महिला से दुष्कर्म किया। घटना के बाद महिला को उताकर वे बस लेकर फरार हो गए। महिला सीधे थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रेप का केस दर्ज कर आरोपी सलमान, दीपक और राजू को हिरासत में ले लिया है।
