भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में पुलिस स्वास्थ्य सुरक्षा योजना आगामी एक जनवरी से लागू की जायेगी। शहीद होने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों को असाधारण पेंशन स्वीकृत की जायेगी। पुलिस कल्याण निधि में राशि 65 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये की जायेगी तथा इसे हर वर्ष दस प्रतिशत बढ़ाया जायेगा। पुलिसकर्मियों के लिये गृह भाड़ा भत्ता की दरें पुनरीक्षित की जायेंगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ये घोषणाएँआज यहां राज्य स्तरीय पुलिस परामर्शदात्री समिति की बैठक में कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष पुलिस बल में पाँच हजार की वृद्धि की जायेगी। पुलिसकर्मियों के आवासों के रखरखाव के लिये पर्याप्त राशि की व्यवस्था की जायेगी। पुलिसकर्मियों को अपनी पसंद की यूनिफार्म के लिये किट अलाउंस दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिये सब मिलकर काम करें। विकास का अर्थ आम आदमी की जिन्दगी में खुशी लाना है। मध्यप्रदेश में इसी दिशा में काम किया जा रहा है। इसमें कानून व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्थान है।

श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की बेहतर कानून व्यवस्था के कारण उद्योगों में पूँजी निवेश बढ़ा है। अब हम चम्बल के बीहड़ों में भी उद्योग लगाने की बात कर रहे है। हाल ही में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट ने मध्यप्रदेश में उद्योगों के लिये बेहतर वातावरण निर्मित किया है। इससे पूँजी निर्माण होगा तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें मध्यप्रदेश पुलिस की उपलब्धियों पर गर्व है। बेहतर कानून व्यवस्था में मध्यप्रदेश देश का अग्रणी राज्य है। यहाँ जनता की संतुष्टि का स्तर लगातार बढ़ रहा है। पुलिसकर्मी अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगायें और जनता के मन में नया विश्वास पैदा करें। पुलिसकर्मियों की समस्याओं के निराकरण के लिये हर संभव प्रयास किये जायेंगे।

गृह मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि मध्यप्रदेश में योजनाएँ आम जनता की सलाह से बनती है। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित विभिन्न पंचायतों ने इसमें महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मध्यप्रदेश पुलिस का पूरे देश में महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन को और अधिक सशक्त बनाने पर विचार किया जा रहा है। पुलिस बल में तेजी से वृद्धि की जा रही है।

मुख्य सचिव श्री आर.परशुराम ने कहा कि व्यवस्थाओं में बेहतरी के लिये निरंतर प्रयास जारी हैं। जो भी निर्णय लिये जायेंगे उनका त्वरित गति से पालन किया जायेगा। मध्यप्रदेश में चुनौतियों को अवसर में बदलने के लिये टीम के रूप में काम किया जा रहा है। आरंभ में स्वागत भाषण देते हुये पुलिस महानिदेशक श्री नंदन दुबे ने कहा कि राज्य शासन ने पुलिस कल्याण के लिये कई निर्णय लिये हैं। पुलिस बल में लगातार वृद्धि की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री सरबजीत सिंह ने पुलिस विभाग की समस्याओं के बारे में प्रस्तुतिकरण दिया। अंत में आभार प्रदर्शन पुलिस महानिरीक्षक कल्याण श्री प्रदीप रूनवाल ने किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *