भोपाल:   वरिष्ठ सांसद और राजनेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कहा है कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को मूर्तरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने विकास के क्षेत्र में जो शानदार उपलब्धियाँ हासिल की हैं उनके फलस्वरूप मध्यप्रदेश आने वाले समय में विकसित राज्य बन कर रहेगा। डॉ. जोशी आज बुरहानपुर जिले में 24 घंटे बिजली देने के लिए अटल ज्योति अभियान का शुभारंभ कर रहे थे। इसके साथ ही 24 घंटे बिजली पाने वाला मध्यप्रदेश का छटवाँ जिला बन गया है। पूर्व में जबलपुर, मण्डला, शहडोल, उमारिया और अनूपपुर में यह सुविधा मिल चुकी है।

अभियान के लाभ

अटल ज्योति अभियान का मुख्य उद्देश्य घरेलू, व्यावसायिक, औद्योगिक तथा अन्य उपभोक्ताओं को थ्री-फेस पर 24 घंटे विद्युत प्रदाय करना है। साथ ही कृषि कार्यों के लिये थ्री-फेस पर 8 घंटे विद्युत प्रदाय करते हुए ग्रामीण अर्द्ध-शहरी एवं शहरी इलाकों में लघु, कुटीर उद्योगों के माध्यम से जीविका में सुधार लाना, कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिये पर्याप्त विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा तथा शिक्षा सेवाओं में गुणवत्ता लाने के साथ ही शहरी एवं ग्रामीण बस्तियों में समन्वित विकास करना है। अभियान के क्रियान्वयन के जरिये प्रदेश के कृषि उपभोक्ताओं को निर्धारित विद्युत आपूर्ति किये जाने से कृषि उत्पादन में वृद्धि तथा आर्थिक विकास होगा। ग्रामीण क्षेत्र में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति से भौतिक सुविधाओं में वृद्धि होगी तथा संचार क्रांति का लाभ मिल सकेगा। इसके साथ ही रेलवे, बस तथा हवाई रिजर्वेशन, बैंकिंग तथा ऑनलाइन सुविधाओं की ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँच बढ़ेगी। बिजली की उपलब्धता से उद्योगों को बढ़ावा, शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं में वृद्धि एवं सुधार के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

डॉ. जोशी ने कहा कि देश की अर्थ-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किसानों की आमदनी और आर्थिक स्थिति को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कृषि को बढ़ावा देकर मध्यप्रदेश सरकार देश के विकास के लिए अद्वितीय कार्य कर रही है। किसान की आमदनी बढ़ती है, तो हर क्षेत्र का विकास होता है और सभी क्षेत्र में संलग्न लोगों की आमदनी में इजाफा होता है। बीते 5 वर्ष में सिर्फ मध्यप्रदेश और बिहार में किसानों की आमदनी बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार विकास की बात कर रही है, लेकिन इस विकास से रोजगार सृजित नहीं हो रहा। साथ ही खेती के लिए कुछ भी नहीं किया जा रहा।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रत्येक क्षेत्र में किए जा रहे विकास की चर्चा करते हुए डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि मध्यप्रदेश आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है। यहाँ विकास योजनाओं में गरीबों, दलितों और अन्य कमजोर वर्गों को केन्द्र में रखा गया है। किसानों की आमदनी बढ़ाना देश केलिए कल्पवृक्ष के सामान है। श्री शिवराज सिंह चौहान की आर्थिक योजनाएँ देश के पुरुषार्थ को बढ़ाने वाली हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने जो शानदार उपलब्धियाँ हासिल की हैं, उनके फलस्वरूप मध्यप्रदेश आने वाले समय में स्वर्णिम प्रदेश बनेगा।

डॉ. जोशी ने बुरहानपुर में अटल ज्योति अभियान का औपचारिक शुभारंभ करते हुए कहा कि अब इस जिले में भी गैर कृषि उपभोक्ताओं को 24 घंटे और कृषि कार्यों के लिए न्यूनतम 8 घंटे बिजली मिलेगी।

देश के सामने कुशल नेतृत्व का उदाहरण – डॉ. जोशी

डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि मध्यप्रदेश ने देश के सामने कुशल नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया है। डॉ. जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की योजनाएँ सबसे गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को केन्द्र में रखकर बनायी गई हैं। प्रदेश में खेती को जिस तरह बढ़ावा दिया जा रहा है, वह अनुकरणीय है।

मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में लघु और कुटीर उद्योगों का जाल बिछाया जायेगा और इसके लिए नौजवानों को भरपूर मदद दी जायेगी। बुरहानपुर में 24 घंटे बिजली मिलने से पावरलूम सेक्टर में फिर से जान आयेगी। उन्होंने कहा कि यहाँ के नौजवान सिर्फ पॉवरलूम के भरोसे न रहे बल्कि कुटीर और लघु उद्योगों के प्रति ध्यान दें। चौबीस घंटे बिजली सिर्फ घर की रोशनी के लिए नहीं होगी, बल्कि इससे सभी आर्थिक गतिविधियों को नई ताकत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार युवाओं की शिक्षा और रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। आगामी एक अप्रैल से मुख्यमंत्री युवा स्व-रोजगार योजना लागू की जायेगी। इसमें 25 लाख रुपये तक के उद्योग-व्यवसाय स्थापित करने वाले युवाओं की बैंक गारंटी सरकार देगी। साथ ही 5 साल तक 5 प्रतिशत ब्याज भी सरकार द्वारा दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में परम्परागत व्यवसायों को पुनर्जीवित कर उन्हें नया स्वरूप देने की दिशा में कदम उठाये जा रहे हैं जिससे नये जमाने की जरूरतों के मुताबिक उत्पाद तैयार हो कर बाजार में आ सकें। शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। युवाओं को उच्च शिक्षा ऋण के लिए गारंटी सरकार दे रही है। पहली से बारहवीं कक्षा तक पुस्तकें देने के साथ-साथ आठवीं तक गणवेश और बालक-बालिकाओं को सायकिल की सुविधा भी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शासकीय अस्पतालों में निःशुल्क दवा वितरण शुरू किया गया है। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण के साथ-साथ गेहूँ की खरीदी पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है। किसानों को होने वाले नुकसान पर राहत राशि में भी अभूतपूर्व वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि किसानों को फ्लेट दर पर साल में दो बार बिजली बिल भरने की सुविधा दी गई है। बिलों पर सरचार्ज माफ किया गया है। मूल बिल का आधा भाग सरकार भरेगी और शेष भाग किसान 10 किश्त में भर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसम्बर 2012 तक जिन लोगों ने झुग्गी-झोपड़ी बना ली हैं, उन्हें पट्टे दिए जायेंगे। गरीबों को मकान भी दिये जायेंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बुरहानपुर में सड़कों के निर्माण और विकास के लिए 20 करोड़ स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने नेपानगर और शाहपुर नगर के लिए भी 2-2 करोड़ स्वीकृत किए। डॉ. मुरली मनोहर जोशी और श्री चौहान ने बुरहानपुर नगर पालिका की विकास-पुस्तिका का विमोचन भी किया।

ऊर्जा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने अटल ज्योति अभियान तथा फीडर विभक्तिकरण योजना के बारे में बताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश से बिजली कटौती का कलंक मिट कर रहेगा।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस और पूर्व सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान, प्रभारी मंत्री श्री मनोहर ऊँटवाल, बुरहानपुर महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल तथा अन्य जन-प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *