ग्वालियर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह प्रदेश में सत्ता गंवाने के बाद कल पहली बार भिण्ड जिले के गोहद में कांगे्रस द्वारा चलाया जा रहा जल सत्याग्रह में शामिल होने आए। दिग्विजय सिंह कांगे्रस छोडकर भाजपा में गए राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया को भूल नहीं पा रहे हैं। राहुल गांधी के बाद अब दिग्विजय सिंह ने दर्द छलकाया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा सिंधिया को कांग्रेस में पूरा मान-सम्मान मिल रहा था। हम उन्हें महाराज, महाराज, महाराज कहते थे। कांग्रेस ने उन्हें महाराज बनाया था, भाजपा ने एक साल में महाराज को भाईसाहब बना दिया। उनके साथ लहार विधायक डा. गोविंद सिंह, गोहद विधायक मेवाराम जाटव भी मौजूद रहे।
भिण्ड जिले के गोहद में जल सत्याग्रह के बाद सभा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा नेता राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए कहा, इस बात का दुख है अभी राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर रहे कि उन्होंने 2014 में ऐसा किया, 2017 में ऐसा किया।
दिग्विजय सिंह ने कहा मेरा, जब बोलने का मौका आया तो मैंने कहा कि महाराज जय हो आपकी, जितने अच्छे तरीके से आप कांग्रेस का समर्थन करते थे, उतने अच्छे तरीके से भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। बात यही है। गरीब की लड़ाई कांग्रेस लड़ती है। लोकतंत्र कांग्रेस ने दिया। भाजपा पूंजीपतियों, शोषणकर्ताओं की लड़ाई लड़ती है। पूंजीपतियों का विरोध करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा टैंकर माफिया, रेत माफिया, भू-माफिया सब भाजपा के समर्थक हैं। हम लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं। पूंजीपतियों के खिलाफ लड़ने के लिए हम एक साथ हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा एक सप्ताह में पानी नहीं आया तो दोबारा जल सत्याग्रह में बैठूंगा।
