भोपाल। महिलाओं के प्रति अपराध की घटनाएं मध्यप्रदेश में लगातार बढ रही हैं। घरेलू हिंसा के एक नए प्रकार ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को झकझोंर दिया है। एक महीने के अंदर मध्यप्रदेश में ऐसी तीन घटनाएं घटी हैं, जिससे पूरा प्रदेश शर्मसार है। पत्नियों से विवाद के बाद मध्यप्रदेश में पति, अपनी पत्नियों के हाथ-पैर काट दे रहे हैं। ऐसी घटनाएं भोपाल, सागर और बैतूल में घटी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि तीन ऐसी दुर्भाग्य पूर्ण घटनाएं हुई हैं, जिन्होंने मुझे अंदर से झकझोंर दिया है। इन घटनाओं ने मुझे अंदर से हिला दिया है। 15 दिनों के अंदर तीन बहनों के हाथ काटे गए हैं। पति ने इनके हाथ काटे हैं। घरेलू हिंसा का यह मामला बहुत गंभीर है। मुझे लगता है कि बहनें आज भी कहां स्वतंत्र हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मैंने डीजीपी को निर्देश दिये हैं कि इसे चिह्नित अपराध मानकर कार्रवाई करें। इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और उन्हें जल्द से जल्द सजा मिले। अगर दूसरा कोई हमला करे तो वह अपराध है। वहीं, अगर पति हाथ काटता है तो यह विश्वास का खून है। इन लोगों ने सात फेरे लेकर साथ निभाने की कसमें खाई हैं। यह एक भयंकर अपराध है। ऐसे मामलों के लिए मुख्यमंत्री ने और कठोर कानून बनाने के निर्देश दिए हैं।
शिवराज सिंह ने कहा कि मैं ऐसे मामलों को साधारण अपराध की तरह नहीं ले सकता हूं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में घरेलू हिंसा को लेकर एक जनजागरण अभियान भी चलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इतने कठोर कानून लाएंगे, जिसके बाद आगे चलकर लोग इस तरह की अपराध के बारे में सोचेंगे भी नहीं।
