रतलाम। मध्यप्रदेश के जावरा के अनाज व्यापारी को विरियाखेड़ी ईंट-भट्टे के पास युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकडकर तीन युवकों ने वीडियो बनाया। मारपीट कर दोनों से आभूषण और 25 हजार रुपए छीन लिए। युवकों ने वीडियो से ब्लैकमेल कर अनाज व्यापारी से 20 लाख रुपए वसूलने की कोशिश की। व्यापारी ने रुपए देने के लिए आरोपियों को हनुमान ताल पर बुलाया जहां तीनों को पुलिस ने पकड लिया। पूछताछ में पता चला कि युवती भी आरोपियों की साथी है। घटनास्थल से लूटे आभूषण और व्यापारी की अंगूठी युवती के पास मिली।
रतलाम पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने बताया कि आरोपी महिमा पिता चार्ल्स जॅान (22) निवासी एमबी नगर, शिव उर्फ भोला पिता अशोक नाक वाल (24) तथा कालू उर्फ अविनाश पिता अर्जुन छपरी (20) दोनों निवासी लक्ष्मणपुरा तथा दिनेश उर्फ टका पिता जुझारसिंह डिंडोर (20) निवासी विरियाखेडी़ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सोने की अंगूठी, 25 हजार रुपए, चांदी का एक कडा, एक जोडी सोने की बाली, एक स्कूटर, प्लास्टिक की रिवाल्वर, धारदार चाकू और एक बाइक तथा मोबाइल फोन जिससे वीडियो क्लिप बनाई और फोन लगाकर 20 लाख रुपए फिरौती मांगी थी जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ लूट और फिरौती का मामला दर्ज किया है।
एसपी ने बताया जावरा के अनाज व्यापारी पवन पिता पारसमल जैन व्यापार के सिलसिले में रतलाम मंडी आते थे। करीब 6 महीने पहले महिमा से उनकी दोस्ती हो गई। दोनों फोन पर बात करते थे। 24 नवंबर को महिमा ने मिलने के लिए उन्हें विरियाखेडी बुलाया और ईंट भट्टे के पास टापरे में ले गई। थोडी देर बाद आए आरोपी शिव उर्फ भोला, दिनेश उर्फ टका तथा कालू उर्फ अविनाश छपरी ने मारपीट कर व्यापारी जैन से सोने की अंगूठी और 25 हजार रुपए तथा युवती का चांदी का कडा, सोने की बाली छीन ली। लूट से पहले आरोपियों ने आपत्तिजनक स्थिति में व्यापारी और युवती का वीडियो बनाया। टापरे में आरोपी युवकों ने व्यापारी को चाकू और खिलौने वाली पिस्टल दिखाकर धमकाया और कपडे उतारकर आपत्तिजनक फोटो खींचे। अश्लील वीडियो दिखाकर व्यापारी से 20 लाख रुपए मांगे। व्यापारी ने गुरुवार को एसपी से शिकायत की। एसपी ने आरोपियों को पकडने के लिए टीम बनाई।
पिता का निधन हो चुका है-पुलिस के अनुसार महिमा का पति से तलाक हो चुका है। महिमा के पिता का निधन हो चुका है। एमबी नगर में मां के साथ रहती है। आरोपी शिव उर्फ भोला से उसकी दोस्ती है। भोला के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला, बलवा तथा चोरी के तीन प्रकरण दर्ज हैं।
एसआई शिवमंगलसिंह सेंगर ने बताया आरोपी युवक बार-बार मोबाइल पर फोन लगाकर व्यापारी को धमकाकर रुपए मांग रहे थे। गुरुवार को व्यापारी जैन थाने पर थे तब तीन बार आरोपियों के फोन आए। हर बार बातचीत खत्म होने के बाद युवती ने मोबाइल पर व्यापारी से बात की और रुपए नहीं देने पर बदनामी का डर बताया। बातचीत के दौरान शंका हो गई थी कि युवती भी गिरोह में शामिल है। रुपए देने के लिए व्यापारी ने आरोपियों से बात की। पहली बार बात होने पर आरोपियों ने रुपयों का बैग गंगासागर के पास सडक किनारे रखने को कहा। उन्हें बताया कि कोई दूसरा व्यक्ति बैग उठाकर भाग गया तो क्या करेंगे? वीडियो क्लिप वाला मोबाइल फोन कैसे मिलेगा? रात को दोबारा फोन कर आरोपियों ने बताया हनुमान ताल के पास आ रहे ऑटो में रुपयों का बैग रख देना…, उसी ऑटो में मोबाइल फोन मिल जाएगा, ऑटो का पीछा मत करना। रुपयों का बैग लेकर व्यापारी और सादी ड्रेस में पुलिसकर्मी इंतजार करते रहे परंतु आरोपी नहीं आए। शुक्रवार को तीसरी बार बात हुई और दोपहर को हनुमान ताल पर रुपए देना तय हुआ। करीब 1 बजे रुपए लेने बाइक पर तीनों युवक आए और पुलिस ने पकड लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों को लेकर एमबी नगर गए तथा युवती को गिरफ्तार कर उसके पास से लूट के आभूषण जब्त किए।
थाना प्रभारी शिवमंगलसिंह सेंगर, एसआई जितेंद्रसिंह कनेश, आरक्षक रघुवीर सिंह, हेमेंद्र सिंह, नीलेश पाठक, दिनेश खिंची, लोकेंद्र सोनी, सोनू राठौड़, विकास बोरासी तेजसिंह ने आरोपियों को हनुमान ताल से पकड़ा। आरोपियों के मोबाइल फोन की लोकेशन पर निगाह रख रहे सायबर सेल के आरक्षक बलराम पाटीदार, विपुल भावसार और मनमोहन शर्मा पुलिस टीम को लगातार जानकारी दे रहे थे।
