इंदौर। मध्यप्रदेश की संस्कारधानी अब असंस्कारधानी का रुप धारण करती जा रही है। इन्दौर के खाने-पीने के शौकीन लोगों को खाने के नाम पर जहर खिलाया जा रहा है। इंदौर की क्राईम ब्राँच, खाद्य विभाग, नगर निगम, जी.एस.टी विभाग व सेल टेक्स विभाग ने संयुक्त छापा मारकर नकली, मिलावटी मसाले की फैक्ट्ररी को पकडा है। यहां पर अस्वच्छ वातावरण और गंदगी में मिलावट कर मिर्ची, हल्दी, धनिया, गरम मसाला, आमचूर आदि मसाले तैयार किये जाते थे। यहां इलायची के खराब छिलके और प्याज की कलौंजी को तेज पत्ते के स्थान पर उपयोग करते थे। इन मसालों को ऋषभ एगमार्क मसाले नाम से बाजार में बेचते थे।
इंदौर आईजी विवेक शर्मा, डीआईजी रुचिवर्धन मिश्र के निर्देशन में क्राइम ब्रांच को मुखबिर तंत्र के माध्यम से यह सूचना प्राप्त हुई थी कि, “ऋषभ फुड प्रोडक्ट मसाले” नायता मुंडला, बाईपास रोड इंदौर पर काफी लंबे समय से मिलावट कर खाद्य पदार्थों में उपयोग होने वाले सारे मसाले तैयार किए जा रहे हैं। उक्त सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर जाकर देखा तो, वहां मिलावट कर खाद्य पदार्थों में उपयोग होने वाले मिर्ची, हल्दी, धनिया, गरम मसाला, आमचूर, चना मसाला, चाट मसाला और सभी प्रकार के मसाले जो कि अस्वच्छ वातावरण और गंदगी में तैयार किए जा रहे हैं। इसमें नमक, काला नमक, सेंधा नमक भी तैयार किया जा रहा है।
मौके पर मिर्ची, नमक के ढेले, और मसालों में मिलाया जाने वाला खराब रॉ मटेरियल प्राप्त हुआ जिसमें इलायची के खराब छिलके और प्याज की कलौंजी तेज पत्तों के स्थान पर उपयोग किये जाते है, अन्य वनस्पतियों की पत्तियां यहां पर मूल वस्तुओं के स्थान पर पाई गई है, जिसे मिलाकर मसाले तैयार किए जा रहे थे।
इस पर अन्य सम्बंधित विभागों को भी सूचित कर बुला लिया गया। मौके से क्राईम ब्रांच की टीम द्वारा 1 लेपटॉप तथा विभिन्न बहीखाते तथा उधारी खाते पाये गये जिन्हें बरामद कर सेल टेक्स विभाग के सुपूर्द किया गया। अन्य कार्रवाई जारी है और मौके पर लाखों का माल पाया गया है। इस संबंध में किसी भी प्रकार का कोई स्टॉक रजिस्टर संधारित नहीं किया जाता है और कितना माल बेचा जाता है ,इसमें जीएसटी से संबंधित भी अनियमितताएं पाई गई जिस पर भी कार्रवाई की जा रही है ।
पुलिस के मुताबिक ऋषभ फूड प्रोडक्ट नायता मुंडला बाईपास इंदौर पर स्थित है जो कि प्रोपराइटरशिप फर्म है, जिसके संयुक्त रूप से मालिक जिगनेश जैन और अखिलेश जैन निवासी बख्तावर राम नगर इंदौर है, जिनके द्वारा खाद्य पदार्थों में उपयोग होने वाले समस्त उत्पादों को तैयार किया जा रहा है।
