भोपाल। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी में इस बार बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह की नई पॉलिसी के तहत मध्यप्रदेश में करीब 50 से ज्यादा जिला अध्यक्ष एवं 980 से ज्यादा मंडल अध्यक्षों को रिटायर कर दिया जाएगा। यानी इन लोगों के पास अब कोई बड़ा पद नहीं होगा। भाजपा में अब युवाओं का बोलबाला होगा। ज्यादातर पद 35 से 50 साल के बीच आयु वालों को दिए जाएंगे। वैसे मध्यप्रदेश के दिग्गज भाजपा नेता भी इसके लिए तैयार है। अपनी कुर्सी पर बिठाने के लिए उनके पास अपने बेटे बेटी रिश्तेदार पहले से ही मौजूद है।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक पार्टी द्वारा जुटाई जानकारी में फिलहाल 56 जिलों में 50 से अधिक जिलाध्यक्ष ऐसे हैं, जो 50 से 60 साल के बीच के हैं या इससे अधिक आयु के हैं। इसी तरह 980 मंडलों में भी ज्यादातर नेता पुरानी पीढी के हैं। नवंबर में होने वाले संगठन चुनाव में इनके स्थान पर युवाओं को स्थान दिया जाएगा। पार्टी ने इसकी गाइडलाइन भी जारी कर दी है। मंडल स्तर पर 35 साल से कम के युवाओं को ही पार्टी की कमान सौंपी जाएगी।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि कि मोदी को जब पार्टी ने प्रधानमंत्री का प्रत्याशी घोषित किया था, तब उनका सपोर्ट करने वाले सबसे जयादा युवा थे। ऐसे युवा जिनकी उम्र 2012-13 में 20 से 28 साल के बीच थी। ये युवा उस दौरान मोदी को देखकर भाजपा से जुडे थे। इन युवाओं की उम्र अब 35 साल के आसपास है। पार्टी चाहती है कि ऐसे युवाओं को अब आगे बढाया जाए। लिहाजा, मंडल से लेकर जिलों की कार्यकारिणी में अब ज्यादा से ज्यादा युवाओं को भाजपा पदाधिकारी बनाएगी।

पार्टी नेताओं के मुताबिक इस बार संगठन चुनाव में सर्वाधिक फोकस निष्पक्ष चुनाव को बनाया जा रहा है। इसकी वजह है कि हाल में आई शिकायतों में कहा गया है कि पिछले संगठन चुनाव के दौरान कई तरह की गड़बढियां हुई थीं। कई स्थानों में विधायक और ताकतवर लोगों द्वारा दबाव डालकर अपने खास लोगों को मंडल अध्यक्ष बनवा दिया गया था। ऐसे लोगों ने पार्टी के दफ्तर के बजाय खुद के घर पर चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न् करवा ली थी।

भाजपा मध्यप्रदेश के मुख्य प्रवक्ता डॉं. दीपक विजयवर्गीय ने बताया कि भाजपा ने तय किया है कि मंडल अध्यक्ष 35 और जिलाध्यक्ष 45 से 50 साल के बीच होंगे। पार्टी हर स्तर पर समयबद्ध पीढीगत बदलाव तय करती है। साथ ही उच्चतम ऊर्जा स्तर के साथ पार्टी के विचारों को विस्तार देने की प्रक्रिया आगे बढती है। पार्टी ने समय-समय पर मंडल से राष्ट्रीय स्तर तक इसे सुनिश्चित किया है, इसी कारण हर स्तर पर पार्टी विस्तार पा रही है। पार्टी के संविधान में भी इस बात का प्रावधान है कि निश्चित अंतराल के बाद सभी स्तरों पर बदलाव हों। साथ ही नवीनता के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करते हुए आगे बढ सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *