ग्वालियर। भिण्ड जिले के गोहद में एक रेडीमेड कपडे की दुकान से 25 हजार रुपए के जींस-टीशर्ट खरीदकर ले जा रहे आधा इर्जन बदमाशों से जब पैसे मांगे तो बदमाशों ने हथियार निकालकर गोलियां चलाई। गोलियां चलाते हुए बदमाश कपडे ले गए। दिन दहाडे हुई बारदात को लेकर गुस्साए व्यापारियों ने घटना के विरोध में अपनी-अपनी दुकानें बंद कर भिण्ड-ग्वालियर नेशनल हाईवे क्रमांक 92 पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुचे गोहद के भाजपा विधायक एवं प्रदेश के सामान्य प्रशासन राज्यमंत्री लालसिंह आर्य ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि 24 घण्टे में बदमाशों को पकड लिया जाएगा तब व्यापारियों ने चक्काजाम आन्दोलन समाप्त किया।
भिण्ड जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर भिण्ड-ग्वालियर मार्ग गोहद चौराहे पर कैलाश अग्रवाल की सिंघल एम्पोरियम नाम से रेडीमेड कपडे की दुकान है। दोपहर में दो बाइकों पर हथियारों से लैस आधा दर्जन युवक आए और उन्होंने 25 हजार रुपए के रेडीमेड कपडे खरीद लिए। दुकानदार ने सभी कपडों को पैक पर उन युवकों को दे दिए तथा बिल के पैसे मांगे तभी उन युवकों ने ताबड-तोड गोलियां चलाई जिसमें दुकानदार बाल-बाल बच गया। कपडे खरीदने आए युवकों की पहचान की गई तो गोहद क्षेत्र के ही शंभू सिंह तोमर, मुनेश तोमर, राहुल सिकरवार, सोनू पंवार, नीरज तोमर व एक अन्य बदमाश थे।
हत्या के अपराध में लंबे समय से फरार चल रहे 15-15 हजार रुपए के फरारी बदमाश शंभू तोमर व उसका चचेरा भाई मुनेश तोमर ने दो माह पहले रेडीमेड कपडों का व्यापारी कैलाश अग्रवाल को रंगदारी बसूलने के लिए मोबाईल फोन पर 3 लाख रुपए की मांग की थी। रुपए नहीं देने पर बदमाशों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।
एडीशनल एसपी अमृत मीणा ने बताया कि लंबे समय से फरार चल रहे बदमाशों ने व्यापारी की दुकान पर रंगदारी को लेकर फायरिंग की है। आरोपी शंभू तोमर व उसका चचेरा भाई मुनेश तोमर ने अपने साथियों के साथ मिलकर छीमका गांव के पूर्व सरपंच पप्पू तोमर की गोली मारकर वर्ष 2012 में हत्या कर दी थी तभी से वह फरार चल रहे है। इन आरोपियों व इनके साथियों की गिरतारी के लिए आधा दर्जन पुलिस टीम बनाई गई है। इन बदमाशों को शीघ्र पकड लिया जाएगा। गोहद चौराहा थाना से कुछ ही दूरी पर घटी दिन दहाडे बारदात के लिए पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने थाना प्रभारी महेश सिंह जादौन को लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया है कि उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी तथा बदमाशों को बक्शा नहीं जाएगा।
