ग्वालियर। भिण्ड जिले के लहार में स्थित राधारमण स्वर्णकार महाविद्यालय परीक्षा केन्द्र में सामूहिक नकल के बाद कलेक्टर इलैया राजा टी के प्रतिवेदन पर जीवाजी यूनिवर्सिटी ने परीक्षा केन्द्र समाप्त कर दिया है। इस परीक्षा केन्द्र की शेष परीक्षा आईटीआई कॉलेज लहार में कराई जाएगी।
लहार के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एलके पाण्डे ने बताया कि जब उन्होंने राधारमण स्वर्णकार महाविद्यालय का परीक्षा के दौरान निरीक्षण किया तो वहां का नजारा ही देखते हुए कहीं से नहीं लग रहा था कि यहां परीक्षा हो रही है अधिकांश परीक्षार्थी गाइडें रखकर परीक्षा दे रहे थे। हालांकि उन्होंने 16 छात्रों को नकल करते हुए पकडा था। बाद में उन्होंने सामूहिक नकल से भिण्ड कलेक्टर को अबगत कराया। कलेक्टर इलैया राजा टी ने जीवाजी युनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक डीसी तिवारी से इस केन्द्र को समाप्त करने के लिए कहा था। कलेक्टर के प्रतिवेदन पर यह परीक्षा केन्द्र समाप्त कर दिया गया।
