भिण्ड 6 फरवरी। भिण्ड जिले के मेहगांव में एक सराफा व्यापारी से बाइक पर सवार अज्ञात हथियारबंद बदमाश सोने के जेवरात से भरा थैला लूटकर भाग गए। व्यापारी अपनी दुकान बंद कर घर वापस जा रहा था। पुलिस ने पूरे शहर की नाकाबंदी की फिर भी पुलिस के हाथ बदमाश नहीं लग पाए। सराफा व्सापारी से लूटे गए सोने के जेवरातों की कीमत 8 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।
मेहगांव निवासी सराफा व्यापारी हरिश्चन्द्र जैन सदर बाजार स्थित अपनी दुकान कल देर शाम को बंद कर घर जा रहे थे तभी बाइक पर सवार होकर आए नकाबपोश हथियारबंद बदमाश आए, उन्होंने ताबड-तोड गोलिया चलाई और व्यापारी से सोने के आभूषणों से भरा थैला लूटकर भाग गए। थैले में 15 किलो चांदी तथा 100 ग्राम सोने के जेवरात व अन्य सामान था।
मेहगांव के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विमल जैन न आज यहां बताया कि सराफा व्यापारी हरिश्चंद्र जैन से हथियारबंद बदमाश सोने-चांदी के आभूषण लूट ले गए है। मेहगांव थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
