शिवपुरी। इस सप्ताह में बढ़े कोरोना पॉजिटिव केस को देखते हुए जिले की व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन द्वारा क्राइसिस मैनेजमेंट समूह की बैठक आयोजित की गई और इस सप्ताह के लिए बाजार खोलने, आवश्यक सेवाएं आदि उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एच.पी.वर्मा, अपर कलेक्टर आर.एस.बालौदिया, सहायक कलेक्टर श्रीमती काजल जावला, एसडीएम अरविंद बाजपेई सहित क्राइसिस मैनेजमेंट समूह के सदस्य उपस्थित थे।

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में व्यापारी संघ, इलेक्ट्रिकल्स, होटल, सब्जी मंडी, पेट्रोल पंप संचालक सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु उपस्थित थे। कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने कहा कि इस सप्ताह में जिले में लगातार पॉजिटिव केस आ रहे हैं इसलिए सतर्क होने और अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है। इसमें समाज के सभी प्रबुद्धजन भी अपनी भूमिका का निर्वहन करें और लोगों को बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा है कि सभी सोशल डिस्टेंस का पालन करें और मास्क अवश्य लगाएं। अति आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकले।

बैठक में क्राइसिस मैनेजमेंट समूह के साथ चर्चा कर यह निर्णय लिया गया है कि संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए सात दिवस के लिए लॉकडाउन रखा जाएगा। लेकिन इस दौरान सभी आवश्यक वस्तुएं जैसे दूध, दवाए, सब्जियां आदि की आपूर्ति होगी। बुधवार और शुक्रवार को किराना दुकान खुलेंगी। कृषि खाद, बीज आदि की दुकानें भी खुलेगी जबकि मंगलवार और गुरुवार को सब्जी मंडी खुलेगी। मेडिकल स्टोर खुलेंगे, शनिवार और रविवार को टोटल लॉकडाउन रहेगा।

धार्मिक स्थलों में केवल धर्मगुरु पूजा प्रार्थना करें बैठक में चर्चा करते हुए कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने कहा है कि लॉकडाउन के दौरान धार्मिक स्थलों पर भी भीड़ एकत्रित नहीं करना है। धार्मिक स्थलों पर धर्मगुरु पूजा प्रार्थना करें और आमजन में प्रवेश ना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *