इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर संभाग के महू में पांच साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले हैवान को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तक पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए पहुंची। शराब के नशे में धुत आरोपी माता-पिता के साथ सो रही बच्ची को उठाकर ले गया और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। मारने के बाद वह उसे वहीं पर छोडकर अपने घर जाकर सो गया था, जो घटनास्थल से पास में ही है। सुबह जब पुलिस पहुंची तो वह घर से ही पूरी कार्रवाई देखता रहा। पुलिस से सीसीटीवी दिखाकर लोगों से पूछताछ की तो लोगों ने आरोपी अंकित सिंह निवासी बंगला नंबर – 122 का नाम लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे उठाकर सख्ती दिखाई तो उसने जुर्म कबूल लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी गर्भवती है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक वरुण कपूर ने बताया कि पकडे गए आरोपी का नाम अंकित विजयवर्गीय (28वर्ष) निवासी शंकर खिलौना का बगीचा, महू है। एक दिसंबर की रात माता-पिता के साथ सो रही मासूम को अंकित उठाकर बंगला नंबर 122 में ले गया था। दुष्कर्म के बाद मासूम की गला दबा कर हत्या कर दी थी।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 13 टीमें बनाई गई थीं। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में एक संदिग्ध दिखा जरूर लेकिन उसका चित्र साफ नहीं आ रहा था। फुटेज को इंदौर भेज कर ठीक करवाया गया। इसमें नजर आ रहे संदिग्ध युवक की चाल, कपडे और जूते के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
वरुण कपूर ने बताया कि आरोपी अंकित चाट का ठेला लगाता है और डीजे पर काम करता है। उसकी शादी हो चुकी है, पत्नी गर्भवती है। अंकित विकृत मानसिक प्रवृत्ति का है और पूर्व में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पूर्व के किसी मामले की रिपोर्ट पुलिस में नहीं हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *