भोपाल। प्रदेश सरकार कामचोरी, लापरवाही या भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को अब बख्शने के मूड में बिल्कुल भी नहीं है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय में हुई कमिश्नरों की बैठक में एक बार फिर सख्त हिदायत दी कि जीरो टॉलरेंस रखें। लगातार लापरवाही करने वालों की सूची बनाएं और 50 साल की आयु या 20 साल की सेवा पूरी करने वाले को नौकरी से निकालने की तैयारी करें।
उन्होंने राजस्व अधिकारियों को लक्ष्य दिया कि मई 2018 तक प्रदेश में ऐसा एक भी व्यक्ति नहीं होना चाहिए, जिसके पास भूखंड न हो। मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि कमिश्नर के फोरम को प्रासंगिक बनाएं। ये देखें कि कैसे लोगों को ज्यादा से ज्यादा राहत दे सकते हैं। अब खाली पदों को भरने के अधिकार दिए गए हैं। राजस्व विभाग ने जो अभियान चलाया है, उसके अच्छे नतीजे सामने आ रहे हैं। इसमें कोई कमी नहीं आनी चाहिए।