जबलपुर। मध्यप्रदेश की सभी 29 सीट जीतने के साथ ही एनडीए देश में चार सौ से ज्यादा सीटें जीतेगा। यह कहना है प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का। वे मंडला जाते समय अल्पप्रवास पर जबलपुर में रुके, जहां उन्होंने मीडिया से चर्चा की। विजयवर्गीय का यह भी कहना रहा कि प्रदेश की सभी 29 सीटों पर अबकी लोकसभा चुनाव में भाजपा जीत हासिल करने वाली हैं।

केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने छिंदवाड़ा से नकुल नाथ की उम्मीदवारी को लेकर कहा कि नकुल लड़ें या कमल नाथ, भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस ऐसे ही लोगों को टिकट दे रही है, जो करोड़पति हैं। भाजपा ने 400 सीटों का संकल्प लिया है और वो इसी लक्ष्य को लेकर प्रयास में जुट गई है। उन्होंने देश में हाल में लागू सिटीजन अमेंडमेंट बिल यानि, सीएए लागू किए जाने को प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का साहसिक निर्णय बताया।

नगर निगम की अपेक्षाओं को खारिज किया: प्रदेश के सबसे पुराने नगर निगमों में शुमार जबलपुर नगर निगम की माली हालत इनदिनों ठीक नहीं है। आर्थिक तंगी से जूझ रहा जबलपुर नगर निगम राज्य सरकार की ओर टकटकी लगाए हुए है। निगम प्रशासन को उम्मीद थी कि सरकार से आर्थिक मदद मिल जाएगी तो माली हालत में कुछ सुधार हो जाएगा, लेकिन निगम की उम्मीदों पर नगरीय प्रशासन मंत्री ने पानी फेर दिया है।

कैलाश विजयवर्गीय ने नगर निगमों की वित्तीय हालत को लेकर स्पष्ट किया कि केंद्रीय योजनाओं के माध्यम से जो सहायता आएगी, वही राज्य और केंद्र सरकार की ओर से प्रदान की जाएगी। माली हालत सुधारने के लिए नगर निगमों को स्वयं आत्मनिर्भर होना पड़ेगा। सरकार पर निर्भर रहने की बजाए नगर निगमों को स्वयं के आय के स्रोत तलाशने होंगे।