आगरा। उत्तरप्रदेश के आगरा में एक गैंगरेप पीड़िता से होटल में दुराचार की घटना हुई है। आरोप विपक्षियों के अधिवक्ता पर है। एकता थाना पुलिस ने आरोपित को पकड़ने को ट्रांसयमुना कॉलोनी में दबिश दी थी तो वह पुलिस को देखकर पड़ोसी की छत से कूद गया। उसके दोनों पैर टूट गए। आरोपित को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शनिवार को एसएन में ही आरोपित का रिमांड कराया। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज लिए हैं।
औरेया निवासी युवती ने शुक्रवार को एकता थाना पुलिस को बताया कि उसके साथ होटल ताज रॉयल के कमरा नंबर 106 में दुराचार हुआ है। आरोपित एक अधिवक्ता है। वर्ष 2022 में उसने एत्मादपुर के युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा लिखाया था। वह मुकदमे की तारीख पर आई थी। तारीख के बाद आरोपियों के अधिवक्ता ने उससे संपर्क किया। उससे कहा कि इस मामले में समझौता करा देंगे। वह भी तारीख से परेशान आ चुकी थी। बात करने को तैयार हो गई। आरोपित ने उसे अपनी गाड़ी में बैठाया। रास्ते में बीयर पिलाई। फिर कुबेरपुर ले गया। वहां एक आरोपित से मुलाकात कराई।
समझौते की बात नहीं बनी। रात हो गई थी तो अधिवक्ता ने उससे कहा कि रात को आगरा में ही रुकना होगा। वह तैयार हो गई। अधिवक्ता उसे होटल ताज रॉयल लेकर आया। कमरा दिलाया। उस समय अधिवक्ता वहां से चला गया। रात को वापस आया। कमरे का दरवाजा खटखटाया। उससे कहा कि केस से संबंधित बात करनी है। खाना भी खाएंगे। उसने कमरे का दरवाजा खोल दिया।
आरोप है कि अधिवक्ता ने कुछ देर बाद उसे दबोच लिया। उससे दुराचार किया। पानी लेने के बहाने वह कमरे से बाहर आई और एक जगह छिप गई। आरोपित अधिवक्ता उसे देखने आया। भागकर उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। रातभर कमरे में छिपी रही। पुलिस को फोन मिलाया मगर बात नहीं हो सकी। इस वजह से दूसरे दिन सुबह थाने आई है। पुलिस ने दुराचार की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शुक्रवार रात आरोपित अधिवक्ता के घर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने पड़ोसी की छत से भागने का प्रयास किया। इस वजह से उसके पैर जख्मी हो गए। इलाज को भर्ती कराया गया है।
होटल के सीसीटीवी कब्जे में लिए
पुलिस ने शिल्पग्राम के पास स्थित होटल ताज रॉयल का रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज लिए हैं। पुलिस ने बताया कि होटल के रजिस्टर में अधिवक्ता के नाम की एंट्री है। सीसीटीवी में वह होटल में आया था। इस बात के प्रमाण हैं। पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। उसका मेडिकल कराया गया है। फोरेंसिक टीम ने कमरे की जांच भी की।
भाई गया था ‘लुटेरी दुल्हन’ में जेल
पुलिस को छानबीन में पता चला कि आरोपित का भाई पिछले दिनों लुटेरी दुल्हन के प्रकरण में एत्मादुद्दौला थाने से जेल गया था। उसने एत्मादुद्दौला क्षेत्र निवासी एक युवक की पैसे लेकर लुटेरी दुल्हन से शादी कराई थी। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया था। सुहागरात से पहले ही दुल्हन फरार हो गई थी। पुलिस ने दुल्हन के फर्जी रिश्तेदार भी गिरफ्तार करके जेल भेजे थे।
