तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बता दें कि यहां 26 वर्षीय महिला ने अपनी समलैंगिक पार्टनर के साथ मिलकर अपने ही 5 महीने के बेटे की हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध का खुलासा तब हुआ जब पति को अपनी पत्नी के मोबाइल फोन से चौंकाने वाले चैट्स और ऑडियो रिकॉर्डिंग मिले।

घटना का सिलसिला

केलामंगलम इलाके के चिन्नाट्टी गांव में रहने वाले सुरेश, जो दिहाड़ी मजदूर हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी पत्नी भारती ने अपने बेटे की हत्या की। दंपति की दो बेटियां (5 और 4 वर्ष) हैं, जबकि पांच महीने पहले बेटे का जन्म हुआ था।

5 नवंबर को परिवार ने बताया कि बच्चा अचानक बेहोश हो गया। उसे तुरंत केलामंगलम सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने इसे प्राकृतिक मौत समझकर अंतिम संस्कार कर दिया।

फोन से खुला हत्या का राज

घटना के कुछ दिनों बाद सुरेश को अपनी पत्नी के व्यवहार पर शक हुआ। उसने भारती का फोन चेक किया, जिसमें उसे उसकी कथित प्रेमिका सुमित्रा के साथ आपत्तिजनक चैट्स, फोटो और वॉयस मैसेज मिले। इन संदेशों से अंदेशा हुआ कि दोनों के बीच पिछले तीन वर्षों से संबंध चल रहे थे, जो बेटे के जन्म के बाद कमजोर पड़ गए थे।

फोन रिकॉर्डिंग में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

सुरेश के मुताबिक, एक फोन कॉल में भारती ने खुद स्वीकार किया कि उसने अपने बेटे का गला दबाकर उसकी जान ली। यह ऑडियो रिकॉर्डिंग उसने पुलिस को सबूत के तौर पर सौंप दी है।

दोनों महिलाएं गिरफ्तार

केलामंगलम पुलिस ने पति की शिकायत और डिजिटल सबूतों के आधार पर भारती और उसकी पार्टनर सुमित्रा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं और मामले की जांच अब हत्या की साजिश के एंगल से आगे बढ़ाई जा रही है।