भोपाल । भोपाल स्थित विधायक विश्राम गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। महिदपुर से कांग्रेस विधायक दिनेश जैन बोस ने आरोप लगाया है कि उनकी गैरमौजूदगी में उनके नाम से आवंटित कमरे में एक युवक और युवती आपत्तिजनक स्थिति में मौजूद थे। विधायक के अचानक पहुंचने पर दोनों वहां से भाग गए। घटना के बाद विधायक ने विधानसभा सचिवालय में शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

मामला विधायक विश्राम गृह के ब्लॉक-3 का है। विधायक दिनेश जैन बोस के मुताबिक, 2 नवंबर को दिल्ली से लौटने के बाद वह दोपहर करीब 2 बजे विश्राम गृह पहुंचे थे। उन्हें यहां कमरा नंबर 14 और 15 आवंटित हैं। पहुंचने पर उन्होंने केयरटेकर से कमरा नंबर 15 की चाबी मांगी, लेकिन चाबी उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। इसके बाद उन्हें कमरा नंबर 14 की चाबी दी गई।

विधायक का आरोप है कि जब वह कमरे में पहुंचे, तब बगल के कमरे नंबर 15 में एक युवक और युवती आपत्तिजनक हालत में मौजूद थे। उन्हें देखते ही दोनों वहां से निकलकर भाग गए। अपने नाम से आवंटित कमरे में अनजान लोगों की मौजूदगी देखकर विधायक ने नाराजगी जताई।

दिनेश जैन बोस का कहना है कि उनके कमरे की चाबी रिसेप्शन काउंटर पर रखी जाती है। आरोप है कि उनकी या उनके निजी सहायक की जानकारी और अनुमति के बिना केयरटेकर ने कमरे की चाबी उपलब्ध कराई। विधायक ने सवाल उठाया कि जब कमरा उनके नाम पर आवंटित था, तो उनकी अनुमति के बिना किसी दूसरे व्यक्ति को वहां प्रवेश कैसे दिया गया?

घटना के बाद विधायक ने केयरटेकर और रिसेप्शन पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि विधायक विश्राम गृह में आवंटित कमरों की सुरक्षा और उनके उपयोग को लेकर जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए विधायक ने विधानसभा सचिवालय के प्रमुख सचिव को पत्र लिखा है। शिकायत मिलने के बाद सचिवालय ने जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए मामला लोक निर्माण विभाग को भेज दिया है।

विधानसभा के जनसंपर्क अधिकारी महावीर सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विधायक विश्राम गृह के ब्लॉक-3 में यह मामला सामने आया है। विधायक की ओर से प्रमुख सचिव विधानसभा को पत्र दिया गया है और फिलहाल लोक निर्माण विभाग इसकी जांच कर रहा है।