भिण्ड। मध्यप्रदेष के भिण्ड-ग्वालियर रोड पर गोहद अनुभाग के छीमका गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार पिकअप जो डंपर से टकरा गई। दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को 108 एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहद पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार मृतक उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं और वह धान रोपाई का काम करके गोहद से वापस लखीमपुर लौट रहे थे।
हादसे में आठ लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 23 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है। गोहद अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीओपी महेंद्र गौतम समेत चौराहा, गोहद और एंडोरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया कि पिकअप में सवार मजदूर ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई के लिए आए थे। काम पूरा होने के बाद सभी लखीमपुर खीरी स्थित अपने गांव लौट रहे थे। रात के सफर में छीमका के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
शुरुआती जांच में सड़क पर बैठी गायों को बचाने की कोशिश को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। रात में तेज गति से चलने वाले वाहनों के सामने अचानक मवेशी आने से हादसे का खतरा बढ़ जाता है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
