
शिवपुरी। मध्ष्प्रदेश के शिवपुरी जिले में सेसई नौगजा जैन मंदिर पर गुरुवार की रात को चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए अष्ठधातु की दो प्रतिमाएं चुरा ली साथ ही दान पेटी में रखे लाखों रुपए की नगदी को चुरा लिया। चोरी की इस वारदात के दौरान चोरों ने यहां के एक कर्मचारी व पुजारी के परिवार को बंधन बनाकर पीटा और एक कमरे में बंद कर दिया। चोरों ने यहां लगे सीसीटीवी कैमरे के पूरे सिस्टम को ही उखाड दिया और अपने साथ ले गए। इस मंदिर से चुराई गई अष्टधातु की प्रतिमाएं काफी प्राचीन बताई जा रही हैं। इस चोरी की वारदात के बाद जैन समाज में आक्रोश है और बदमाशों द्वारा की गई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। इस चोरी की वारदात की सूचना मिलने के बाद आज पुलिस अधीक्षक विवेक अग्रवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू दी है।
