ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद से कांग्रेस विधायक रणवीर जाटव ने कहा है कि कांग्रेस की प्रदेश में सरकार जरुर है लेकिन सरकार के मंत्री विधायकों की बात नहीं सुनते। कांग्रेस सरकार में मंत्री कोई भी काम हो पैसे लेकर किया जाता है। ज्योतिरादित्य सिन्धिया गुट के विधायक रणवीर जाटव ने सिन्धिया गुट के ही स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट पर आरोप लगाया है कि उनके पास किसी काम के लिए जाओं वह अपने बेटे से मिलने के लिए बोल देते है और मंत्री सिलावट का बेटा हर काम के पैसे मांगता है। रणवीर जाटव ने कहा है कि सरकार और उनके मंत्री अगर उनकी बात नहीं सुनेंगे तो वह कांग्रेस छोडकर भाजपा में चले जाऐंगे। विधायक ने उक्त आरोप कल पत्रकार वार्ता में लगाए है।
भिण्ड जिले के गोहद विधायक रणवीर जाटव ने कहा कि प्रदेश के सामान्य प्रशासन एवं सहकारिता मंत्री डॉ. गोविंद सिंह भिण्ड जिले के लहार में रोज 200 ट्रक रेत का अवैध उत्खनन करवाते हैं। इसमें उनकी मदद दिग्विजय कर रहे हैं। मैं कांग्रेस में घुट-घुट कर नहीं जीना चाहता। ऐसा ही चलता रहा तो जल्द ही इस्तीफा देकर भाजपा में चला जाऊंगा। मैंने कई कर्मचारियों के ट्रांसफर के लिए स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया, लेकिन वे संबंधित को भोपाल-इंदौर चक्कर लगवाते हैं। मंत्रीजी का बेटा हर काम के पैसे मांगता है। सरकार में हर काम के पैसे लेने की दुकान खुली हुई है।
विधायक रणवीर जाटव ने कहा है कि उन्होंने मंत्री सिलावट पर तबादलों में पैसे लेकर तबादले किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ, सिन्धिया को भी अबगत कराया गया है। लेकिन दोनों नेताओं ने हिदायत दी है कि कांग्रेस के किसी मंत्री के खिलाफ सार्वजनिक बयान न दिया जाए। रणवीर जाटव ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार कमलनाथ सरकार बंद नहीं करा पा रही है। विधायक जाटव ने मंत्री सिलावट के भ्रष्टाचार और मंत्री गोविन्द सिंह द्वारा रेत के अबैध खनन की सीबीआई जांच हो तो सारा भ्रष्टाचार सामने आ जाएगा।