शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना थानांतर्गत ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। गुरुवार को जोहरया इलाके में डंपर चालक ने बाइक सवार अपनी चचेरी बहन और जीजा को रौंद दिया। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रुप से घायल 6 वर्षीय भांजे राज लोधी को उत्तरप्रदेश के झांसी में भर्ती कराया गया है।
जानकारी मुताबिक डंपर चालक केरन लोधी की चचेरी बहन रामरती लोधी ने करीब पांच साल पहले पति से अलग हो गई थी। इसके बाद उसने विजय लोधी से विवाह कर लिया। तभी से केरन अपनी बहन से नाराज चल रहा था। गुरुवार को केरन लोधी डंपर लेकर जोहरया गत्ता फैक्ट्री के समीप से गुजर रहा था। तभी सामने से देवखो गांव घर जा रहे बहन और जीजा बाइक पर दिखाई दिए। बदला लेने की नीयत से केरन ने बाइक सवारों को रौंद डाला। मौके पर ही दोनों की मौत के बाद केरन फरार हो गया। घटना से नाराज रामरती और विजय लोधी के परिजनों ने केरन लोधी के घर में आग लगा दी।
खनियांधाना टीआई सुनील खेमरिया ने बताया कि उन्हें भी इस बात की जानकारी मिली कि प्रेम प्रसंग से नाराज होकर डंपर चालक केरन लोधी ने अपनी चचेरी बहन और जीजा को टक्कर मारी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई है।