अशोकनगर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर संभाग के अशोकनगर जिले के सेहराई में बीती रात 2 बजे एक वृद्धा के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के दौरान वृद्धा के कमरे में उसका पुत्र और पुत्रवधु सो रहे थे। वृद्धा के बेटे के मुताबिक 7 लोग हत्या की साजिश में शामिल थे जो मोटरसाइकिल से भाग गए। पुलिस थाने के बाहर सडक पर शव रखकर परिजनों के साथ समाज के लोगों ने हत्या का प्रकरण दर्ज कराने चक्काजाम किया। शाम को पुलिस ने जब 7 लोगों पर प्रकरण दर्ज किया इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
सेहराई थाने में मृतक मुगिया बाई के पुत्र कन्छेदीलाल अहिरवार ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी गुड्डीबाई और मां घर के कमरे में सो रहे थे जिसका दरवाजा नहीं लगा था। रात को करीब 2 बजे धमाका हुआ तो उसकी नींद खुलने पर देखा कि मां के सीने से खून निकल रहा है। सीढियों से नीचे उतरकर जब गांव वालों को आवाज दी तभी पदम जैन ने किसी हथियार से सिर पर चोट मार दी।
उनके साथ राजू जैन, विक्की मारकन, मोहन यादव, शिशुपाल यादव, मोहन यादव का छोटा बेटा और एक अन्य व्यक्ति शामिल था। आवाज सुनकर जब मोहल्ले के नारायण, राजेश, संतोष, करतार और बेटा बाबूलाल आ गए। जब तक सभी आरोपी तीन मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग गए। कन्छेदीलाल के मुताबिक मोहन यादव से अदालत में जमीनी विवाद तीन से चार साल से चल रहा है।
इस मामले में पदम जैन, विक्की मारकन, मोहन के सहयोगी हैं। इस मामले में पुलिस जांच के बाद एफआईआर कराने की बात पर अडी थी। लेकिन बडी संख्या में एकत्रित लोगों ने जब देर शाम तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया तो पुलिस ने कन्छेदीलाल के बताए नाम अनुसार 7 लोगों पर प्रकरण दर्ज कर लिया।
