भोपाल । हैदराबाद में वेटरनरी डॉक्टर के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के चारों आरोपियों को 10 दिन के बाद आज सुबह पुलिस एनकाउंटर में मारे गए। एनकाउंटर के बाद देशभर से मिली जुली प्रतिक्रियाएं आ रही है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आरोपियों के एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हैदराबाद में नरपिशाचों को उनके पाप की सजा मिली। पूरे देश को बड़ा सुकून मिला। दुष्टों के साथ यही व्यवहार होना चाहिए। जो जस कीन तो तस फल चाखौं।

गौरतलब है कि एनकाउंटर के बाद हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वी.सी सज्जनार ने इन आरोपियों के मारे जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों ने सीन रीक्रिएशन के वक्त भागने की कोशिश की थी। कमिश्नर वीसी सज्जनार ने कहा कि यह घटना सुबह 3 बजे से 6 के मध्य की है।

वहीं तेलंगाना के कानून मंत्री इंद्रकरण रेड्डी ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया से पहले ही भगवान ने दुष्कर्म के चारो आरोपियों को सजा दे दी। वहीं दिल्ली गैंगरेप पीडिता निर्भया की मां ने कहा कि हैदराबाद पुलिस का धन्यवाद। इससे अच्छा न्याय कुछ हो नहीं सकता था। अब जल्द निर्भया के दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। सजा में देरी होने से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

एनकाउंटर के बाद हैदराबाद की दुष्कर्म पीडिता के पिता ने कहा कि मेरी बेटी की मौत के 10 दिन बाद ही चारों आरोपियों को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। मैं सरकार और पुलिस का शुक्रिया करता हूं। अब मेरी बच्ची की आत्मा को शांति मिलेगी। वहीं बहन ने कहा कि आरोपियों के एनकाउंटर की खबर सुनकर मैं बहुत खुश हूं। यह एक उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *