भोपाल। पोषण आहार के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग मातृ वंदना योजना के संचालन में भी देश में पहले स्थान पर रहा है। इसके लिए विभाग को पुरस्कार भी मिला है।

विभाग ने पिछले तीन साल में 34 लाख से ज्यादा महिलाओं को योजना का लाभ दिया है। विभाग के प्रमुख सचिव अनुपम राजन ने शुक्रवार को मातृ वंदना सप्ताह (एक से सात दिसंबर) के तहत प्रदेशभर में किए जा रहे आयोजनों की जानकारी पत्रकारों से साझा की।

विभाग के अफसरों ने बताया कि योजना के क्रियान्वयन में प्रदेश की स्थिति पिछले साल देश में तीसरे नंबर पर थी, जो पहले नंबर पर पहुंच गई है। प्रमुख सचिव राजन ने योजना पर चर्चा करते हुए बताया कि योजना मजदूरी करने वाली महिलाओं के लिए है। योजना के तहत मजदूरी के नुकसान की आंशिक क्षतिपूर्ति के रूप में प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसमें गर्भावस्था के समय पंजीयन कराना पडता है।

तभी एक हजार रुपए दिए जाते हैं और संस्थागत प्रसव कराने पर दो हजार रुपए दिए जाते हैं। इस बीच में महिला को प्रसव पूर्व कम से कम एक जांच कराना होती है। तब भी दो हजार रुपए देने का प्रावधान है। विभाग के मुताबिक पिछले तीन सालों में योजना के तहत पंजीयन कराने और संस्थागत प्रसव कराने वाली महिलाओं को 560 करोड रुपए का भुगतान किया गया है। प्रमुख सचिव ने बताया कि योजना की हर स्तर पर मॉनीटरिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *