भोपाल। पिछले कुछ महीनों में मध्य प्रदेश में सैकड़ों कॉन्स्टेबल्स यहां से वहां कर दिए गए। सबके थोक तबादले हुए। इससे पुलिस की पूरी व्यवस्था बिगड़ी तो पुलिस मुख्यालय में खलबली मच गयी। इसके बाद पुलिस मुख्यालय व्यवस्था सुधारने में जुटा। काम संभल भी नहीं पाया था कि प्रदेश के गृहमंत्री वाला बच्चन ने पुलिस मुख्यालय को दूसरी ट्रांसफर लिस्ट भेज दी। लेकिन हालात से घबराए पुलिस अफसरों ने मंत्री को भी ना कर दी। सूत्रों ने बताया कि पुलिस मुख्यालय में गृह मंत्री की आला अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें कई पुलिस अधिकारी दूसरी सूची जारी नहीं करने पर अड़ गए और उन्होंने मंत्री से साफ मना कर दिया कि अब और कॉन्सटेबल्स के ट्रांसफर फिलहाल नहीं किए जाएंगे। पता चला है कि इस पर गृहमंत्री नाराज़ हो गए लेकिन अफसरों की नाराजग़ी के आगे उनकी नहीं चली।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस मुख्यालय की तरफ से प्रदेश के सभी एसपी को पत्र लिखा गया है। इसमें कहा गया है कि जिन जि़लों में ज़्यादा कॉन्सटेबल आ गए हैं उन्हें उन जि़लों में भेज दिया जाए जहां कम स्टाफ है। पुलिस मुख्यालय ने एक बार ये कोशिश की थी कि सभी जि़लों में संतुलित स्टाफ हो। लेकिन हाल में हुए थोक तबादलों ने उसकी सारी प्लानिंग फेल कर दी। अब पुलिस मुख्यालय थोक तबादलों से असंतुलित हुए सिस्टम को फिर पटरी पर लाने की कोशिश कर रहा है।
