ग्वालियर। मध्यप्रदेश राज्य में अभी मकोका जैसा कानून बनाने की जरूरत नहीं है। राज्य में अभी जो कानून है वह भी अपराधी और अपराधियों , असमाजिक तत्वों पर कार्रवाई के लिये पर्याप्त है। गृहमंत्री ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री कमलनाथ की तरह शुद्ध की तरह पुलिस भी कार्य करेगी।
ग्वालियर रेंज के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के उपरांत पत्रकारों से चर्चा करते हुए गृह मंत्री बाला बच्चन ने कहा कि राज्य में अभी जो माफियाओं आदि पर कार्रवाई हो रही है वह वर्तमान कानून के तहत ही हो रही है। गृहमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गुंडों , बदमाशों व अपराधियों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई के लिए पर्याप्त कानून है। मकोका जैसे कानून की जरूरत नहीं है, और जरूरत होगी तो मकोका कानून भी बनायेंगे। गृहमंत्री बाला बच्चन ने कहा कि प्रदेश में जहां कमलनाथ सरकार शुद्ध के लिये कार्य कर रही है उसी प्रकार पुलिस भी अपराध और अपराधी मुक्त राज्य बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माफियाओं के खिलाफ कडी कार्रवाई करेगी वहीं प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बनाया जायेगा। गृह मंत्री ने कहा कि पुलिस एससी-एसटी, बच्चों , महिलाओं की सुरक्षा विशेष रूप से करेगी वहीं नशे के खिलाफ भी कडी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस में और कसावट लाई जायेगी। वहीं लंबित पडे मामलों मेंं कार्रवाई की जायेगी। इसके लिये भी जल्द ही एक अभियान चलाया जायेगा।
गृहमंत्री बाला बच्चन ने कहा कि मध्यप्रदेश में अच्छा काम करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित भी किया जायेगा। उन्हें समय से पहले प्रमोशन भी दिया जायेगा। उच्च न्यायालय द्वारा रेत माफियाओं की निगरानी और उनके खिलाफ कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर गृहमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हाल ही में रेत की १२५० करोड की नीलामी हुई है। उन्होने कहा कि उसकी निगरानी भी की जायेगी। एक प्रश्र के उत्तर में बाला बच्चन ने कहा कि प्रदेश में पुलिसिंग का काम बेहतर है। कई त्यौहार बिना किसी अप्रिय घटना से गुजर गये। वहीं राम मंदिर जैसा मामला आया और प्रदेश में कुछ भी अप्रिय घटित नहीं हुआ। प्रदेश की पुलिस भी शुद्ध की तरह ही कार्य करेगी।
