
गौशालाओं के बेहतर संचालन के लिए आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन, सीईओ जिला पंचायत शिवम वर्मा, साडा के पूर्व अध्यक्ष राकेश जादौन, कांग्रेस के सुनील शर्मा, गौशाला के संत आश्रय आनंद, गौशरणानंद, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, डॉ. सत्यप्रकाश शर्मा सहित गौ शालाओं और गौ सेवा से जुड़े गणमान्य नागरिक और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने कहा कि ग्वालियर की लाल टिपारा गौशाला में गायों की संख्या को देखते हुए गौ अभ्यारण्य विकसित करने का निर्णय लिया गया था। इसके लिए बरई के पास भूमि का चयन भी किया गया है। नगर निगम की ओर से प्रारंभ में गौ अभ्यारण्य हेतु 14 करोड़ रूपए की राशि देने की सहमति भी दी गई है। गौ अभ्यारण्य को शीघ्र प्रारंभ करने हेतु प्रस्ताव शासन को भेजा जायेगा।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने कहा कि इसके साथ ही जिले में पॉलीथिन के विरूद्ध शीघ्र अभियान चलाकर कार्रवाई की जायेगी। अभियान के तहत पॉलीथिन का थोक विक्रय करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने के साथ-साथ पॉलीथिन का विकल्प भी लोगों को उपलब्ध कराया जायेगा। इसके लिए केन्द्रीय कारागाह ग्वालियर में बंदियों के द्वारा तैयार किए जा रहे कपड़े के थैलों एवं पेपर बैग को तैयार कर वितरित करने का कार्य भी किया जायेगा। पॉलीथिन के विरूद्ध जन जागृति के लिए नगर निगम के माध्यम से विशेष अभियान भी चलाया जायेगा। कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि गौशालाओं का संचालन तथा पॉलीथिन के विरूद्ध अभियान में आम जनों की सहभागिता जरूरी है।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में गौशालाओं का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र की गौशालाओं को और सुदृढ़ बनाने का कार्य किया जायेगा। ताकि ग्रामीण क्षेत्र के पशु शहर में न आएं।
बैठक में गौशाला के संबंध में विभिन्न वक्ताओं ने भी अपने-अपने विचार रखे। इस मौके पर संत श्री आश्रय आनंद, गौरशरणानंद, राकेश जादौन, सुनील शर्मा ने भी गौशाला के बेहतर संचालन के लिए अपने-अपने सुझाव दिए।
गौशालाओं को पशुपालन विभाग की ओर से अनुदान राशि के चैक वितरित
पशुपालन विभाग की ओर से गौशालाओं को पशुओं के चारे एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए अनुदान प्रदान किया जाता है। ग्वालियर की लाल टिपारा गौशाला के लिए 28 लाख 93 हजार रूपए की राशि का चैक भी कलेक्टर ने प्रदान किया। इस मौके पर केदारधाम गौशाला, पीपुल फॉर एनीमल, गोपाल गौशाला तथा सुरभि गौशाला के लिए भी अनुदान राशि के चैक वितरित किए गए।
