मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ की तरफ से फ्री हैंड मिलने के बाद पहली बडी कार्रवाई मिलावटखोर दूध माफिया पर की गई है। गुरुवार रात कलेक्टर प्रियंका दास ने डिटरजेंट, कास्टिक सोडा समेत घातक केमिकल बेचने और मिलावटी दूध तैयार करने वाले चिलर सेंटर संचालक और भाजपा नेता साधु राठौर, उसके दो सगे भाइयों और एक ममेरे भाई के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की गई। भाजपा नेता साधु राठौर 15 दिन पहले से फरार है। पुलिस ने उसके तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

24 जुलाई को मुरैना जिले के अंबाह में भाजपा नेता साधु राठौर व उसके भाई राजकुमार राठौर के मुरैना रोड स्थित मां कैलादेवी डेयरी पर फूड सेफ्टी टीम ने छापामार कार्रवाई की थी। इस दौरान डेयरी पर 36 हजार लीटर दूध मिला, जिसके सिंथेटिक होने की आशंका थी। दूध के दो सैंपल भरकर टीम लौट रही थी, इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर अफसरों ने चिलर सेंटर के पीछे स्थित 2 घरों की जांच की। इन घरों के अंदर बने 2 गोदामों में छिपाकर रखा गया 50 लाख रुपए कीमत का 1400 टिन रिफाइंड ऑयल, 550 कट्टे कास्टिक सोडा, 17 कैन हाईड्रोजन, आरएम केमिकल, 550 बोरी स्किम्ड मिल्क पाउडर, 13 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे।

कलेक्टर ने जिले में एंटी सेल माफिया गठित कर नोडल अधिकारियों के मोबाइल नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों पर जमीनों पर कब्जे, सरकारी जमीन के दुरुपयोग समेत खनन माफिया और मिलावटखोरों के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *