शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियांधाना क्षेत्र के एक गांव में पंचायत चुनाव से पहले रंजिश के चलते सरपंच व पूर्व सरपंच के गुटों में गोलीबारी हो गई। इसमें गोली लगने से एक की मौत हो गई, वहीं दो लोग घायल हुए हैं।घटना खनियांधाना से 15 किमी दूर ग्राम खडीचरा में हुई। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर बात इतनी बडी कि एक दूसरे पर गोलियां चला दी गईं।

सरपंच नीलम सिंह यादव ने आगामी ग्राम पंचायत चुनावों को देखते हुए आदिवासी मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से बुधवार सुबह दावत रखी थी। देवी के मंदिर में आदिवासियों को ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर बकरा चढाने के लिए ले जा रहा था। इसके बाद आदिवासियों को दावत दी जानी थी। इसकी जानकारी मिलते ही विरोधी पक्ष के पूर्व सरपंच महाराज कुंवरसिंह यादव के परिवार को सूचना मिली तो उन्होंने रास्ते में जाकर नीलमसिंह यादव को रोकने का प्रयास किया। उसने कहा कि इस प्रकार के हथकंडे अपनाकर वोटरों को अपने पक्ष में न करें, वरना ठीक नहीं होगा।

बताया जाता है कि बदले में नीलम सिंह यादव ने गोली चला दी। इसमें मौके पर ही राजपाल की मौत हो गई। दूसरी तरफ से चली गोली में राजू और नीलम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद महाराज कुंवरसिंह यादव के स्वजनों ने नीलम के ट्रैक्टर और जीप को आग के हवाले कर दिया। पुलिस पर भी हमले और घर में आग लगाने की जानकारी भी सामने आई, लेकिन पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *