भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि प्रदेश के हर गरीब का वर्ष 2023 तक अपना पक्का मकान हो, इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए वे और उनकी सरकार संकल्पित है। चौहान ने यहां मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम ‘मिशन नगरोदय’ का शुभारंभ करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि हमने तय किया है कि ऐसी ग्राम पंचायतें जहाँ जन्म लेने वाले बेटे-बेटी का अनुपात बराबर होगा और जहाँ सालभर कोई विवाद नहीं होगा तथा एफआईआर दर्ज नहीं होगी, उन सभी ग्राम पंचायतों के विकास के लिए 2 लाख रुपए अलग से दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में माफियाओं के खिलाफ हम अभियान चला रहे हैं। अब तक भू-माफियाओं के कब्जे से 10 हजार करोड़ रुपये की जमीन वापस छीनकर पात्रों को वापस की जा रही है। इस धरती पर माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि जितनी अवैध कॉलोनियां बन चुकी हैं, उन्हें वैध किया जायेगा। नई अवैध कॉलोनी न बने, सरकार यह सुनिश्चित करेगी।

चौहान ने प्रदेश के 407 निकायों में मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना फेस-3 योजना के अंतर्गत 500 करोड़ रुपए के अधोसंरचना विकासकार्यों का शिलान्यास किया और 5 छावनी परिषद के एक लाख हितग्राहियों को 10 हजार रुपए की कार्यशील पूंजी की 100 करोड़ की राशि का वितरण किया। कार्यक्रम में निकायों एवं हितग्राहियों के खाते में 5712 करोड़ से अधिक राशि ट्रांसफर की गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *