नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच में पति पत्नी के प्रेम की एक ऐसी घटना सामने आई, जिसमें मौत भी उन्हें जुदा नहीं कर पाई। यहां के गोठा गांव में सोमवार को वृद्ध शंकरलाल धोबी (90वर्ष) का निधन हो गया था, इसके डेढ घंटे बाद ही उनकी पत्नी बसंतीबाई (86वर्ष) का भी निधन हो गया। दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार हुआ। अंतिम संस्कार के पूर्व पति-पत्नी की एक साथ शव यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

गुर्जर खेड़ी सांखला के सामाजिक कार्यकर्ता राधेश्याम दास बैरागी ने बताया कि ग्राम गोठा में निवासरत धोबी समाज के पति-पत्नी का कल सोमवार को डेढ़ घंटे के अंतराल में दोनों का निधन हो गया। शंकर लाल धोबी का सुबह करीब नौ बजे निधन हो गया। रिश्तेदारों और समाज जनों के एकत्र होने तक अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही थी।

जैसे ही शंकरलाल की शव यात्रा की तैयारी हुई। इसी दौरान इनकी धर्मपत्नी बसंतीबाई अपने पति के बिछड़ने का गम सहन नहीं कर सकी और उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पति-पत्नी को दूल्हा-दुल्हन बनाकर शव यात्रा निकाली गई। मुक्तिधाम पर एक ही चिता पर दोनों दिवंगत पति पत्नी का अंतिम संस्कार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *