ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में आज सुबह बस और ऑटो के बीच हुयी जबर्दस्त टक्कर में ऑटो सवार 13 लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में 12 महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मुरैना की ओर जा रहे आटो की टक्कर सुबह सामने से आ रही एक बस से हो गयी। इस हादसे में आटो चालक और नौ महिलाओं की घटना स्थल पर मौत हो गयी, जबकि तीन महिलाओं को गंभीर हालत में समीप के अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि आटो में आंगनबाड़ी सेविका सवार थीं, जो अपना काम करने के लिए जा रहीं थीं। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो में फंसे शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। मृतकों की शिनाख्त की जा रही है।

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ग्वालियर जिले में बस और आटो के बीच हुयी भिडंत में मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। मिश्रा ने अपने ट्वीट के माध्यम से कहा कि ग्वालियर में मुरैना रोड पर यात्री बस और ऑटो रिक्शा की भिड़ंत में लोगों की मौत की दुखद खबर से मन व्यथित है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। सरकार प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि देगी।
