दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले के हटा के देवेंद्र चौरसिया हत्याकांड के मामले में फरार पथरिया विधायक रामबाई के पति गोविंद सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है, लेकिन आज सुबह तक उसका सुराग नहीं लग सका है। पुलिस अधीक्षक हेमंत चौहान ने बताया कि पुलिस लगातार गोविंद सिंह की तलाश में जुटी हुई है और उम्मीद है कि शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस द्वारा गोविंद सिंह की गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपए के इनाम की घोषणा के बाद भी अभी तक उसक पता नहीं चल सका है।
जिला पुलिस बल की टीमों के साथ साथ एसटीएफ की टीम भी लगातार प्रदेश के साथ-साथ देश के अनेक हिस्सों में उसकी तलाश कर रही हैं, लेकिन अभी तक पुलिस को कोई सफलता हासिल नहीं हुयी है। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश फहीम अनवर की अदालत में कल गोविंद सिंह को प्रकरण में आरोपी बनाए जाने की हटा के द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश द्वारा पारित आदेश के खिलाफ और अन्य आरोपियों के स्टे आवेदन पर भी सुनवाई होना थी, लेकिन मृतक देवेंद्र चौरसिया के परिजनों की ओर से अधिवक्ता अनिल खरे द्वारा आपत्ति प्रस्तुत किए जाने पर न्यायालय ने इसे 26 मार्च तक के लिए बढ़ा दिया है।
