जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि राज्य में वैश्विक महामारी कोरोना के प्रति लापरवाही बरती और इसके मामले बढ़ते गए तो बिना लॉकडाउन के सख्ती बढ़ाई जाएगी। गहलोत ने आज मेडिकल सुविधाओं के वर्चुअल लोकार्पण समारोह में बोलते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि कोरोना के मामले बढ़ने पर अब लॉकडाउन लगाना ठीक नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर जनता लापरवाह हो गई है, इसलिए कुछ सख्त कदम उठाए हैं। अगर और सख्ती करनी पड़ती है तो हम करेंगे। लोग नहीं चाहते कि लॉकडाउन लगे।
लॉकडाउन लगाना बहुत ही खतरनाक है। सबका रोजगार बंद हो जाता है। बिना लॉकडाउन लगाए हमें सख्ती करनी पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें कोरोना की दूसरी लहर को गंभीरता से लेना होगा। पिछले साल 18 मार्च को राजस्थान में कोरोना के 14 मामले थे। इस बार 18 मार्च को 370 मामले सामने आए। आप सोच सकते हैं कहां पिछले साल 14 मामले थे और पूरे राजस्थान में फैल गया। ?इस बार 370 पर पहुंच गए। हमारी तैयारी बहुत शानदार है। कैसे भी हालत बने मुकाबले को तैयार हैं। हमें ध्यान रखना होगा कि कोरोना फैले ही क्यों, हम चाहते हैं कोरोना राजस्थान में फैले ही नहीं। कई राज्यों में हालत बहुत खराब है, इसलिए हमें सजग और सतर्क रहना होगा। उल्लेखनीय है कि शनिवार को राज्य में कोरोना के 852 नये मामले सामने आए।
