देवास। मध्य प्रदेश में देवास के कोतवाली थाना के प्रभारी ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग मामले की जांच करते-करते खुद ही इसके जाल में फंस गए। ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह ने न्यूड लड़की से बात करते हुए उनका वीडियो बना लिया और पैसे की मांग करने लगा। वीडियो वायरल होने के बाद देवास के एसपी ने थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया है। देशभर में इन दिनों सोशल मीडिया पर वीडियो कॉल कर हनी ट्रैप में फंसाने का गोरखधंधा जोरों पर है। मध्य प्रदेश के गृह विभाग ने एक दिन पहले ही इससे सावधान रहने के संबंध में एडवाइजरी जारी की थी। देवास कोतवाली थाने के टीआई योगेंद्र सिंह यादव फिर भी इसके जाल में फंस गए।

टीआई ऐसे ही एक गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए अपनी तफ्तीश कर रहे थे। इसी दौरान वे गिरोह के संपर्क में आए। गिरोह का विश्वास जीतने के लिए टीआई ने उनका वीडियो कॉल स्वीकार कर लिया और बात करते समय ऐसी हरकतें की जिससे उन्हें भरोसा हो जाए,परन्तु वह खुद झांसे में आ गए।

गिरोह के लोगों ने स्क्रीन रेकॉर्ड कर उनका वीडियो बना लिया। उसके बाद गिरोह ने टीआई से पैसे की मांग शुरू की। डिमांड पूरी न करने पर इस गिरोह ने उनके फेसबुक प्रोफाइल से जुड़े कई लोगों को उनकी अश्लील हरकत वाला वीडियो भेज दिया।

गिरोह की लोकेशन दिल्ली बताई जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद यह पुलिस विभाग के लिए बड़ी मुशीबत बन गया है। वीडियो सामने आने के बाद देवास एसपी शिवदयाल सिंह ने थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया। पूरे जिले में इस मामले की जोर-शोर से चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *